क्रिकेट

IND vs WI Highlights: जडेजा के ऑलराउंड प्रदर्शन से भारत ने वेस्टइंडीज को पारी और 140 रन से हराया

IND vs WI Highlights: भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट तीसरे ही दिन जीत लिया। भारत ने पहली पारी के आधार पर 286 रन की बढ़त ली थी। यह मुकाबला रवींद्र जडेजा के लिए याद रखा जाएगा, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।

Image

भारत और वेस्टइंडीज (साभार-BCCI)

IND vs WI Highlights: भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टेस्ट पारी और 140 रन से जीत लिया। इस जीत के हीरो रहे रवींद्र जडेजा जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। जडेजा ने 13 ओवर में 54 रन देकर 4 विकेट चटकाए। जडेजा के अलावा सिराज ने 3 और कुलदीप यादव ने 2 विकेट चटकाए। यह बतौर कप्तान शुभमन गिल की घर पर पहली जीत है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने 2 मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। भारत ने पहली पारी कल के स्कोर पांच विकेट पर 448 रन पर घोषित करके 286 रन की बढत बना ली थी। वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में 45 . 1 ओवर में 146 रन पर आउट हो गई । बल्लेबाजी में नाबाद शतक जमाने वाले जडेजा ने दूसरी पारी में 54 रन देकर चार विकेट लिये। दूसरा टेस्ट दस अक्टूबर से दिल्ली में खेला जायेगा।

कप्तान शुभमन गिल ने मैच के बाद कहा ,‘‘यह हमारे लिये परफेक्ट मैच था । तीन शतक और इतनी शानदार फील्डिंग।’’ तीसरे दिन पिच से मिल रही मदद का मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह ने पूरा फायदा उठाया। सिराज ने 40 रन देकर चार और बुमराह ने 42 रन देकर तीन विकेट लिये। भारतीय पारी में सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (100) ने नौ साल बाद देश में टेस्ट शतक लगाया। विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने पहला टेस्ट शतक जड़ा और जडेजा 104 रन बनाकर नाबाद रहे।

तीसरे दिन सुबह के सत्र में पिच से मदद की संभावना में भारत ने पारी कल के स्कोर पर ही घोषित कर दी। जडेजा की अगुवाई में स्पिनरों ने वेस्टइंडीज को दबाव में रखा। सलामी बल्लेबाज तेजनारायण चंद्रपॉल (आठ) और जॉन कैंपबेल ने सकारात्मक शुरूआत की लेकिन आठवें ओवर में नितीश रेड्डी ने स्क्वेयर लेग पर शानदार कैच लपककर भारत को पहली कामयाबी दिलाई। सिराज की शॉर्ट गेंद पर चंद्रपॉल ने शॉट खेला और रेड्डी ने अपनी बायीं ओर डाइव लगाकर बेहतरीन कैच पकड़ा।

इसके बाद जडेजा ने कैंपबेल (14) को रवाना किया । चौथे नंबर पर उतरे ब्रेंडन किंग (पांच) ने पहली स्लिप में केएल राहुल को कैच थमाया । वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेस (एक) को स्पिनर कुलदीप यादव ने आउट किया। छठे नंबर पर आये शाइ होप ने जडेजा की गेंद पर कट शॉट खेला और यशस्वी जायसवाल ने शॉर्ट थर्डमैन पर अपने दाहिने ओर डाइव लगाकर कैच पकड़ लिया । जडेजा एक मैच में शतक और पारी के पांच विकेट लेने का कारनामा एक बार फिर अपने नाम करने से चूक गए। वह पहले दो बार यह कमाल कर चुके हैं। लंच के बाद सिराज ने जस्टिन ग्रीव्स (25) और जोमेल वारिकन (0) को पवेलियन भेजा । वहीं वॉशिंगटन सुंदर ने एलिक अथानाजे (38) का रिटर्न कैच लपका। कुलदीप ने जेडेन सील्स (22) का अपनी ही गेंद पर कैच पकड़ा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article