क्रिकेट

IND vs NZ 2nd T20I: सूर्यकुमार केआतिशी शतक की बदौलत भारत ने दूसरे टी20 में दी न्यूजीलैंड को पटखनी

  • Authored by: नवीन चौहानWritten by: नवीन चौहान
  • Updated Nov 20, 2022, 04:45 PM IST

भारत ने न्यूजीलैंड को माउंट माउंगानुई में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 में सूर्यकुमार यादव की नाबाद 111 रन की आतिशी पारी की बदौलत मात देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

Image

सूर्यकुमार यादव( साभार AP)

माउंट माउंगानुई: हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में 65 रन के बड़े अंतर से मात देकर सीरीज में 1-0 की अपराजेय बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था।

पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने सूर्यकुमार यादव की 51 गेंद में 111 रन की नाबाद पारी की बदौलत 20 ओवर में 6 विकेट पर 191 रन का स्कोर खड़ा किया था। ऐसे में जीत के लिए 192 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम 18.5 ओवर में 126 रन बनाकर ढेर हो गई और टीम इंडिया 65 रन से जीत दर्ज करके सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल करने में सफल रही।

ओपनिंग करने आए पंत नहीं मचा पाए धमाल

रविवार को खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत के लिए पारी की शुरुआत करने इशान किशन और ऋषभ पंत की जोड़ी उतरी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5 ओवर में 36 रन जोड़े। लेकिन छठे ओवर की पहली गेंद पर ऋषभ पंत 6 रन बनाकर फर्ग्यूसन की गेंद पर टिम साउदी के हाथों लपके गए। पंत के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने सूर्यकुमार यादव उतरे। दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज सूर्यकुमार ने आते ही तेजी से रन बनाने शुरू कर दिए। लेकिन दसवें ओवर की पहली गेंद पर ईशान किशन 31 गेंद में 36 रन बनाकर ईश सोढ़ी की गेंद पर लपके गए।

सूर्या ने खेली 51 गेंद में 111 रन की नाबाद पारी

इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने 32 गेंद में अपना अर्धशतक 5 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा किया। इसके बाद सूर्या ने एक छोर संभाला और अगली 18 गेंद में 67 रन जड़ दिए। दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला। 19 ओवर में भारत ने 186 रन बना लिए थे। लेकिन 20 ओवर में हार्दिक पांड्या, दीपक हुड्डा और वॉशिंगटन सुंदर तीनों टिम साउदी की लगातार गेंदों पर आउट हो गए और साउदी ने अंतरराष्ट्रीय टी20 में दूसरी हैट्रिक हासिल कर ली। सूर्या 51 गेंद में 111 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 7 शानदार छक्के जड़े।

विलियमसन के अलावा पिच पर नहीं टिक पाया और कोई कीवी बल्लेबाज

18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर सिराज ने विलियमसन की पारी का अंत कर दिया। 52 गेंद पर 61 रन बनाकर वो बोल्ड हो गए। इसके बाज अगले ओवर में दीपक हुड्डा ने 5 गेंद में 3 विकेट लेकर न्यूजीलैंड की पारी को समेट दिया। इसके साथ ही टीम इंडिया 65 रन के अंतर से विजयी हुई। दीपक हुड्डा ने 2.5 ओवर में 10 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं दो सफलता मोहम्मद सिराज को और 1-1 सफलता भुवनेश्वर कुमार वॉशिंगटन सुंदर को मिली।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article