क्रिकेट

India A vs Namibia: भारत ए ने वार्म-अप मुकाबले में नामीबिया को 130 रन से रौंदा

India A vs Namibia: इंडिया ए ने वर्ल्ड कप वॉर्म-अप मैच में नामीबिया को 130 रन हरा दिया। नामीबिया की टीम 12.1 ओवर में 67 रन पर ढेर हो गई। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 197 रन बनाए थे।

Image

भारत और नामीबिया (साभार-BCCI)

India A vs Namibia: भारत-ए ने नामीबिया के खिलाफ शुक्रवार को बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 में खेले गए वर्ल्ड कप 2026 के 16वें वार्म-अप मुकाबले में 130 रन से जीत दर्ज की। टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने 8 विकेट खोकर 197 रन बनाए। मेजबान टीम ने 25 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे, जिसके बाद रियान पराग ने नमन धीर के साथ तीसरे विकेट के लिए 65 गेंदों में 111 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 136 के स्कोर तक पहुंचाया।

नमन धीर 29 गेंदों में 3 छक्कों और 1 चौके के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रियान पराग ने 39 गेंदों में 6 छक्कों और 5 चौकों के साथ 69 रन बनाए। इनके अलावा, आशुतोष शर्मा ने 35 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से रूबेन ट्रम्पेलमैन, मैक्स हिंगो और गेरहार्ड इरास्मस ने 2-2 विकेट हासिल किए। बर्नार्ड स्कोल्ट्ज और विलेम माईबर्ग को 1-1 विकेट हाथ लगा।

इसके जवाब में नामीबिया 12.1 ओवरों में महज 67 रन पर सिमट गई। इस टीम ने खाता खुलने से पहले ही 2 विकेट गंवा दिए थे। 2 के स्कोर तक तीसरा विकेट भी गिर गया। यहां से लॉफ्टी-ईटन ने जैन फ्रायलिंक के साथ चौथे विकेट के लिए 23 रन जोड़े, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही फिर से विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया। फ्रायलिंक 13 गेंदों में 1 चौके के साथ 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि ईटन ने 9 रन का योगदान दिया।

40 के स्कोर तक टीम ने आठवां विकेट गंवा दिया था। यहां से डायलन लीचर ने विलेम माईबर्ग के साथ नौवें विकेट के लिए 20 रन की साझेदारी करते की, लेकिन टीम को शर्मनाक हार से बचा नहीं सके। भारत की तरफ से गुरजपनीत सिंह, मयंक यादव, अशोक शर्मा और विपराज निगम ने 2-2 विकेट निकाले। एक-एक विकेट आयुष बडोनी और रवि बिश्नोई के हाथ लगा। भारत और श्रीलंका की मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। टीम इंडिया पहले ही दिन यूएसए के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article