क्रिकेट

वैभव सूर्यवंशी का ऐसा क्रेज, पहली बार इंडिया-A का मैच टीवी पर दिखाया जाएगा लाइव

Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी 9 जून 2026 से श्रीलंका में होने वाली वनडे ट्राई सीरीज में इंडिया-ए के लिए खेलेंगे। इस सीरीज में इंडिया-ए के अलावा श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए की टीमें हैं।

Image

वैभव सूर्यवंशी (Instagram)

Vaibhav Sooryavanshi: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को लेकर फैंस में दीवानगी दिनों-दिन बढ़ती जा रही है। IPL 2026 में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल करने वाले वैभव ने अपने कारनामे से क्रिकेट के बड़े-बड़े दिग्गजों को भी चौंका दिया। वैभव की वजह से अब इंडिया-A का मैच टीवी और मोबाइल पर लाइव दिखाया जाएगा। वैभव सूर्यवंशी 9 जून 2026 से श्रीलंका में होने वाली वनडे ट्राई सीरीज में इंडिया-ए के लिए खेलेंगे। इस सीरीज में इंडिया-ए के अलावा श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए की टीमें हैं।

टीवी पर लाइव दिखाए जाएंगे मुकाबले

21 जून तक चलने वाले इस मुकाबले को टीवी पर लाइव दिखाया जाएगा। आम तौर पर इंडिया-A के मैच टीवी पर नहीं दिखाए जाते। हालांकि, इस बार वैभव सूर्यवंशी का क्रेज फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है। वैभव की वजह से ही इंडिया-ए के मैचों को टीवी पर दिखाया जाएगा। वैभव सूर्यवंशी के आने के बाद भारत में क्रिकेट का माहौल एक बार फिर से बदला-बदला नजर आ रहा है। इंडिया ए, श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के बीच होने जा रही ट्राई-सीरीज के मैचों का प्रसारण अधिकार सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क ने खरीद लिया है। इन मैचों को सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के अलग-अलग चैनल पर हिंदी और इंग्लिश में कमेंट्री के साथ देखा जा सकता है।

कब होगा मुकाबले का प्रसारण

इस ट्राई-सीरीज के सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 10 बजे से देखा जा सकता है। वहीं मुकाबले का टॉस शाम 9.30 बजे होगा। इस ट्राई सीरीज का पहला मुकाबला 9 जून को होगा। यह मुकाबला इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच होगा। वहीं 11 जून को इंडिया ए का सामना अफगानिस्तान-ए से होगा। वहीं 13 जून को अफगानिस्तान ए और श्रीलंका ए की भिड़ंत होगी। फिर 15 जून को भारत के सामने श्रीलंका-ए और 17 जून को अफगानिस्तान के सामने भारतीय टीम की भिड़ंत होगी। इसके बाद 19 जून को अफगानिस्तान ए और श्रीलंका ए भिड़ेंगे। इस सीरीज का फाइनल मुकाबला 1 जून को आयोजित होगा।

वैभव की इतनी मांग क्यों?

वैभव ने IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए तहलका मचा दिया था। उन्होंने इस सीजन IPL के 5 बड़े पुरस्कार अपने नाम किए। वैभव ने किसी भी सीजन सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह क्रिस गेल के 30 गेंदों में लगाई सेंचुरी को तोड़ने के नजदीक पहुंच गए थे। वहीं पिछले सीजन 14 साल की उम्र में IPL खेलने वाले वो सबसे छोटे खिलाड़ी बने थे। उन्होंने पिछले सीजन किसी भी भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उनकी बल्लेबाजी देखकर लोग युवराज सिंह और सचिन तेंदुलकर को याद करने लगे। IPL खत्म होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे थे कि 'वैभव अगला मैच कब खेलेगा?' इंडिया-A में उनके चुने जाते ही फैंस ने BCCI से मैच लाइव दिखाने की मांग कर दी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article