उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का आज हरिद्वार के चंडी घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले आज सुबह सीएम योगी ने अपनी मां को अंतिम विदाई दी। इस दौरान सीएम योगी भावुक हो उठे। उनके आंखों में आंसू थे।
बता दें कि 91 वर्षीय सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया था। मां के निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड पहुंचे थे और उन्होंने अपनी मां के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी थी।
सावित्री देवी लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं। उनके निधन से परिवार में शोक का माहौल है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई नेताओं ने योगी आदित्यनाथ के प्रति संवेदना जताई है।
बता दें कि मां के निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में चल रहे कार्यक्रम को पूरा करके तुरंत पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए। शाम करीब पांच बजे वे पंचूर पहुंचे। मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और काफी देर तक एकटक देखते रहे। उसी भावुक क्षण को उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया और सिर्फ इतना लिखा — “मां… ऊं शांति।”
चंडी घाट पर होना है अंतिम संस्कार
परिवार सुबह करीब सात बजे पंचूर से सड़क मार्ग से हरिद्वार के लिए रवाना हुआ। आज सुबह करीब दस बजे चंडी घाट पर सावित्री देवी का अंतिम संस्कार होना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हेलीकॉप्टर से हरिद्वार पहुंचकर संस्कार में शामिल हो रहे हैं।
करीब एक साल से बोल भी नहीं पा रही थीं सावित्री देवी
परिवार के सदस्यों के मुताबिक, सावित्री देवी की तबीयत काफी समय से ठीक नहीं थी। उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। उनके छोटे बेटे महेंद्र सिंह बिष्ट के मुताबिक, वह करीब एक साल से बोल भी नहीं पा रही थीं। सावित्री देवी के निधन की खबर शुक्रवार को उस वक्त आई, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने अपने शेष कार्यक्रम रद्द कर दिए और उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए।
