इंडिया ए ने रिकॉर्ड 363 रन का लक्ष्य हासिल कर ऑस्ट्रेलिया ए को 4 विकेट से हरा दिया। मोहाली में खेले गए इस मुकाबले में भारत के सामने 363 रन का विशाल लक्ष्य था जिसे उसने 6 विकेट खोकर 10 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। भारत की ओर से 4 अर्धशतक लगे। मिन्नू मणि ने सर्वाधिक 88 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और 3 छक्के जड़े। इसके साथ ही 3 मैच की अनऑफीशियल वनडे सीरीज इंडिया ए ने अपने नाम कर लिया।
भारत की ओर से लगे 4 अर्धशतक
भारतीय टीम की शानदार बल्लेबाजी का अंदाज इस बात से लगाया जा सकता है कि 4 बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े। मिन्नू मणि के 88 रन अलावा निक्की प्रसाद ने 76, कप्तान अनुष्का शर्मा ने 58 और तनीषा सिंह ने 60 रन की पारी खेली।
ऑस्ट्रेलिया ने जीता था टॉस
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ए ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए ने चार्ली नॉट के 109 रन और कर्टनी वेब ने 95 रन की पारी के दम पर 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 362 रन बनाए। भारत की ओर से वैष्णवी शर्मा ने और निकी प्रसाद ने 4-4 विकेट चटकाए।
लिस्ट ए में दूसरी सबसे बड़ी जीत
यह लिस्ट ए क्रिकेट का दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज है। लिस्ट ए में सबसे बड़े चेज का रिकॉर्ड बंगाल के नाम है जिन्होंने 2024-25 में हरियाणा के खिलाफ 390 रन का लक्ष्य हासिल किया था।
2-1 से जीता सीरीज
यह निर्णायक मुकाबला था और इसके साथ ही भारतीय विमेंस टीम ने 3 मैच की सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया। पहला वनडे भारत ने 4 विकेट से अपने नाम किया था जबकि दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने वापसी करते हुए 2 विकेट से जीत हासिल की थी। तीसरा मुकाबला भारत ने 4 विकेट से अपने नाम किया।
