India Women vs Pakistan Women: वही जोश, वही जुनून और फैंस में वहीं दीवानगी, क्या हुआ अगर इस बार देश की बेटियां मैदान पर होंगी। सामने पाकिस्तान हो तो मोटिवेशन सातवें आसमान पर होता है। फैंस के लिए भी यह किसी ट्रीट से कम नहीं होगा जब लगातार चौथे रविवार को उन्हें भारत और पाकिस्तान की टक्कर क्रिकेट के मैदान पर देखने को मिलेगी। इस बार मौका और भी बड़ा है क्योंकि मुकाबला वर्ल्ड कप का है। दोनों टीम वर्ल्ड कप में अपना दूसरा मुकाबला खेलने उतरेगी। भारत ने पहले मुकाबले में श्रीलंका को हराकर जीत के साथ आगाज किया था, तो वहीं पाकिस्तान की टीम को बांग्लादेश के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा था। एक और हार पाकिस्तान क्रिकेट टीम का सफर वर्ल्ड कप में मुश्किल कर देगा।
कोई टक्कर नहीं है भारत-पाकिस्तान का
मेंस की तरह विमेंस क्रिकेट में भी भारत और पाकिस्तान का कोई मुकाबला नहीं है। भारत का अबतक दबदबा रहा है। विमेंस वर्ल्ड कप में स्कोर 4-0 है तो अब तक दोनों टीम के बीच 11 वनडे मैच हुए हैं और वहां भी स्कोर भारत के पक्ष में 11-0 है।
रविवार को भारतीय महिला टीम जब पाकिस्तान की टीम से श्रीलंका के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में भिड़ेगी तो एकबार फिर इस बात की चर्चा जोर-शोर से हो रही है कि क्या बीसीसीआई अपने पुराने स्टैंड पर कायम रहेगी और इस मुकाबले में भी कोई हैंडशेक नहीं होगा। इसको लेकर बीसीसीआई की ओर से प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
भारत-पाकिस्तान मैच में हैंडशेक होगा या नहीं
भारतीय महिला टीम जब पाकिस्तान टीम से रविवार को भिड़ेगी तो इस मुकाबले में टीम इंडिया क्या हैंडशेक करेगी, इसको लेकर बीसीसीआई ने प्रतिक्रिया दी है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा 'मैं किसी भी तरह का पूर्वानुमान नहीं लगा सकता, लेकिन पाकिस्तान के साथ हमारे संबंध वैसे ही हैं, पिछले सप्ताह में इसमें कोई बदलाव नहीं आया है।'
उन्होंने आगे कहा कि भारत पाकिस्तान के खिलाफ जब मैदान में उतरेगा तो वह एमसीसी के नियमों और उसके सभी प्रोटोकॉल का पालन करेगा।
सैकिया ने कहा 'मैं केवल यह आश्वासन दे सकता हूं कि क्रिकेट की एमसीसी नियमावली में जो भी निर्धारित है, वही किया जाएगा। हाथ मिलाना होगा या गले लगना होगा, इस समय मैं आपको किसी भी चीज़ का आश्वासन नहीं दे सकता'
ऐसे में यह साफ है कि महिला टीम भी उसी स्टैंड पर कायम रहेगी जो एशिया कप में सूर्या एंड कंपनी कर रही थी और इस मुकाबले में कोई हैंडशेक नहीं होगा। मुकाबला भारतीय समयनुसार शाम 3 बजे से शुरू होगा जबकि इसका टॉस आधा घंटा पहले यानी 2.30 बजे होगा।
