IND vs WI 1st T20 Preview: एशियन गेम्स की गोल्ड मेडल विजेता भारतीय क्रिकेट टीम वेस्टइंडीज के विरुद्ध मंगलवार को लखनऊ में होने वाले पहले टी20 मैच में पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी, लेकिन मुख्य कोच गौतम गंभीर के सामने संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी में से एक को चुनने की बड़ी चुनौती होगी। एशियन गेम्स में कोच वीवीएस लक्ष्मण थे, उन्होंने सैमसन और सूर्यवंशी दोनों को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया था। अब कोच गंभीर हैं तो रणनीति में बदलाव तय माना जा रहा है, हालांकि दोनों ही कोच 8वें नंबर तक बैटिंग रखने के पक्षधर हैं। लेकिन गंभीर के पैटर्न को देखें तो वह सैमसन और सूर्यवंशी को एक साथ प्लेइंग XI में नहीं खिलाएंगे। अभिषेक शर्मा ओपनर के तौर पर पहली पसंद हैं।
वैभव सूर्यवंशी पर संजू सैमसम को मिलेगी तरजीह!
निशिन सिटी के कोरोगी पार्क की मुश्किल पिचों पर लक्ष्मण ने तीनों ओपनरों को खिलाया था। सूर्यवंशी और दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक ने ओपनिंग की थी, जबकि सैमसन नंबर-3 पर आए थे। यह फैसला पिच को देखकर लिया गया था। लेकिन एकाना स्टेडियम की सपाट पिच पर गंभीर सैमसन को फिर से ओपनर के रूप में ला सकते हैं, क्योंकि नीचे नीतीश कुमार रेड्डी जैसा ऑलराउंडर बैकअप मौजूद है। सैमसन नंबर-3 पर सहज नहीं लगे। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ पिछली घरेलू टी20 सीरीज में ओपनर के तौर पर दो फिफ्टी लगाई थीं। मिडिल ऑर्डर में पहले से कप्तान श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, उपकप्तान तिलक वर्मा, शिवम दुबे, रेड्डी और अक्षर पटेल हैं। ऐसे में सैमसन और सूर्यवंशी दोनों का एक साथ खेलना मुश्किल है।
गंभीर के लिए गेंदबाजी सबसे बड़ी टेंशन
गंभीर के लिए दूसरी टेंशन तेज गेंदबाजी है, जिसमें अनुभवी अर्शदीप सिंह के साथ अनुभवहीन मयंक यादव ने 6 टी20 और प्रिंस यादव ने 3 टी20 ही खेले हैं। स्पिन की जिम्मेदारी अक्षर पटेल और कुलदीप यादव पर होगी। अगर बैटिंग मजबूत करनी हुई तो नमन धीर को प्रिंस या मयंक की जगह मौका मिल सकता है। यह भी देखना होगा कि क्या अय्यर स्पिनर के तौर पर अभिषेक का उपयोग करते हैं। अभिषेक ने एशियन गेम्स में गेंद से भी कमाल दिखाया था।यह सीरीज अय्यर की कप्तानी की बड़ी परीक्षा होगी, क्योंकि वेस्टइंडीज टी20 की खतरनाक टीम है, जिसने 2012 और 2016 में दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीता है।
हेड-टू-हेड में आगे है भारत
अय्यर की कप्तानी में भारत ने जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान जैसी छोटी टीमों के खिलाफ टी20 सीरीज जीती है। हालांकि आंकड़ों में भारत आगे है, घर में पिछले 10 में से 9 मैच कैरेबियाई टीम के खिलाफ जीते हैं। वेस्टइंडीज के पास रोमारियो शेफर्ड, रोवमैन पॉवेल, शिमरोन हेटमायर, अकील हुसैन जैसे धाकड़ टी20 खिलाड़ी हैं, जो IPL के अनुभवी हैं। शाई होप की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज की बैटिंग होप, हेटमायर, पॉवेल और शेरफेन रदरफोर्ड पर टिकी रहेगी। ऑलराउंडर में रोस्टन चेज, कीमो पॉल, पॉवेल और शेफर्ड हैं। गेंदबाजी में अकील हुसैन और शमर जोसेफ लीड करेंगे, साथ में गुडाकेश मोती और चेज़ की स्पिन मजबूती देगी।
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, ईशान किशन, नमन धीर, कुलदीप यादव, नीतीश रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी, मयंक यादव।
वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्डे, हेटमायर, अकील हुसैन, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, कामिल पूरन, पॉवेल, रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, शेफर्ड, शमर स्प्रिंगर।
नोट- भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 मैच शाम 7 बजे शुरू होगा। वहीं मैच का टॉस आधे घंटे पहले 6:30 बजे होगा।
