IND vs USA T20 World Cup Match Timing Today 2026: भारत और यूएसए के बीच T20 विश्व कप मुकाबला, जानिए मैच का समय
- Authored by: शिवम अवस्थी
- Updated Feb 7, 2026, 05:00 AM IST
IND vs USA T20 World Cup Match Time Today 2026: आज (7 February 2026) आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत होने जा रही है। आज के दिन तीन मुकाबले खेले जाने हैं, जिसमें दिन का तीसरा व अंतिम मैच टीम इंडिया का होगा। भारतीय टीम इस विश्व कप के अपने पहले मैच में संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) की टीम के खिलाफ मैदान पर उतरने जा रही है। भारतीय टी20 टीम दुनिया की शीर्ष टी20 टीम है और आज के मैच में उसी का पलड़ा भारी रहेगा। यहां हम जानेंगे इंडिया-यूएसए आज का मैच कितने बजे शुरू होगा और आंकड़े।
भारत बनाम यूएसए टी20 विश्व कप 2026 मैच का समय
- आज आईसीसी T20 विश्व कप 2026 का होगा आगाज
- टीम इंडिया विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत करेगी
- भारत का पहला मैच यूएसए की टीम के खिलाफ
IND vs USA T20 World Cup 2026 Match Timing Today: टीम इंडिया आज से शुरू हो रहे आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में अपने अभियान का आगाज करने उतरेगी। वैसे टूर्नामेंट के पहले दिन आज तीन मैच खेले जाने हैं। सबसे पहला मैच पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच कोलंबो में होगा, उसके बाद दूसरा मैच स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज के बीच कोलकाता में होगा। फिर तीसरा मुकाबला भारत और यूएसए के बीच होगा। करोड़ों भारतीय फैंस को इस पल का इंतजार था। भारत ने 2024 में अपना दूसरा टी20 विश्व कप खिताब जीता था और इस बार टीम इंडिया सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की अगुवाई में अपना तीसरा खिताब जीतने के इरादे से शुरूआत करेगी। किसी भी टीम ने आज तक अपने देश में टी20 विश्व कप खिताब नहीं जीता है। अमेरिका की टीम ने पिछले विश्व कप में कई बड़े उलटफेर किए थे, जिसमें पाकिस्तान को हराकर बाहर करना भी शामिल था। ऐसे में मोनांक पटेल (Monank Patel) की कप्तानी में उतरने वाली यूएसए टी20 टीम को कम आंकने की गलती भारत नहीं करेगा।
टी20 विश्व कप में अब तक खेले गए 9 संस्करणों में दुनिया की कोई भी चैंपियन टीम खिताब का बचाव नहीं कर पाई है और ना ही घर में कोई ये खिताब जीत सका है। आज जिस यूएसए की टीम से भारत टकराने जा रही है उसकी सबसे खास बात ये है कि टीम में पांच भारतीय क्रिकेटर मौजूद हैं जिनमें उनके कप्तान का नाम भी शामिल है। इसके अलावा अमेरिका की टीम में पाकिस्तानी मूल के तीन खिलाड़ी भी हैं। उनकी टीम में सिर्फ 4 खिलाड़ी ऐसे है जिनका जन्म अमेरिका में हुआ है।
आमने-सामने के आंकड़ेः भारत और यूएसए की टीमें अब तक सिर्फ एक बार टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आमने-सामने आई हैं। वो मुकाबला पिछले टी20 विश्व कप में हुआ था। न्यूयॉर्क में खेले गए उस मैच में अमेरिका की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी और उन्हें अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) की शानदार गेंदबाजी का कोई जवाब नहीं मिला था। अर्शदीप ने 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देते हुए 4 विकेट झटके थे और अमेरिका की पूरी टीम अपनी ही पिच पर 20 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 110 रन ही बना सकी थी। जवाब में भारत की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी। विराट कोहली जीरो पर आउट हुए, रोहित शर्मा 3 रन पर और फिर ऋषभ पंत 18 रन बनाकर आउट हो गए, जिससे भारत का स्कोर आठवें ओवर में ही 3 विकेट पर 39 रन हो गया था। हालांकि इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों में नाबाद 50 रन और शिवम दुबे ने 31 रनों की पारी खेलते हुए टीम इंडिया को मुश्किल से बाहर निकाला और 18.2 ओवर में भारत को 7 विकेट से जीत दिलाई। आइए अब जान लेते हैं कि आज टी20 विश्व कप 2026 में होने वाला भारत-यूएस मैच कितने बजे शुरू होगा, आप इसे कहां देख सकते हैं, कहां हो रहा है मैच और कैसी है पिच व दोनों टीमें।
यूएसए और मेजबान टीम इंडिया के बीच टी20 विश्व कप 2026 का मैच किस तारीख को होना है? (IND vs USA T20 World Cup Match Date)
भारत और यूएसए की टीमों के बीच T20 विश्व कप 2026 का मैच 7 फरवरी 2026, शनिवार को आयोजित होगा।
भारत और यूएसए क्रिकेट टीम के बीच टी20 वर्ल्ड कप मैच कहां होने जा रहा है? (IND vs USA T20 World Cup Match Venue)
भारतीय टीम और यूएसए टीम के बीच टी20 विश्व कप मैच मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम (Wankhede Stadium) में होने जा रहा है।
इंडिया और यूएसए के बीच टी20 विश्व कप मैच आज कितने बजे शुरू होगा? (IND vs USA Match Time Today)
आज टीम इंडिया और मेहमान यूएसए टीम के बीच टी20 वर्ल्ड कप का मैच भारतीय समय के मुताबिक शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। मुकाबले का टॉस 6:30 बजे कराया जाएगा।
टी20 विश्व कप 2026 में आज होने वाले भारत-यूएसए मैच को टीवी पर कहां देख सकते हैं? (India vs USA T20 World Cup Match TV Telecast Channel)
आज भारत-यूएसए के बीच आईसीसी टी20 विश्व कप के मैच को भारत में आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के तमाम चैनलों पर विभिन्न भाषाओं के साथ देख सकेंगे।
भारत-यूएसए T20 वर्ल्ड कप मैच की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग कहां देख सकते हैं? (IND vs USA T20 World Cup Match Live Streaming)
यूएसए और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच टी20 वर्ल्ड कप मैच की लाइव स्ट्रीमिंग आप जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर देख सकेंगे।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत और अमेरिका की टीमें (India And United States Of America Full Squads For T20 World Cup 2026)
भारतीय टी20 टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह और मोहम्मद सिराज।
यूएसए टी20 टीम: मोनांक पटेल (कप्तान), जेसी सिंह, एंड्रीज़ गौस, शेहान जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शयान जहांगीर, साईतेजा मुक्कमला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, शाडली वैन शल्कविक, सौरभ नेत्रवलकर, अली खान, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रांजणे और नोस्तुश केनजिगे।
कैसी है मुंबई की पिच रिपोर्ट? (IND vs USA Mumbai Pitch Report)
भारत और यूएसए के बीच टी20 विश्व कप का मैच आज मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है। वानखेड़े स्टेडियम की पिच हमेशा से बल्लेबाजों को फायदा पहुंचाती आई है। यहां बल्लेबाज जमकर रन बना सकते हैं। मुकाबला शाम को होना है तो ऐसे में ओस का असर भी देखने को मिल सकता है। अगर ऐसा होता है तो फील्डर्स और गेंदबाजों का काफी दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है, खासतौर पर जो टीम बाद में गेंदबाजी करने उतरेगी।
आज कैसा रहने वाला है मुंबई का मौसम (Mumbai Weather Report Today)
टी20 विश्व कप के पहले दिन का तीसरा मैच भारत और अमेरिका की टीमों के बीच शाम को मुंबई में खेला जाएगा। यहां मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई गई है। दिन काफी गर्म रहने के शआसार हैं और उमस तो मुंबई में हमेशा ही रही है। आज मुंबई का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।
