क्रिकेट

Asia Cup 2025, IND vs UAE T20 Pitch Report: भारत और यूएई के बीच टी20 मैच की पिच रिपोर्ट

IND vs UAE Pitch Report Today Match: आज (10 September 2025) संयुक्त अरब अमीरात में चल रहे एशिया कप 2025 का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में भारत और मेजबान यूएई की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के अभियान का ये आगाज होगा। भारत और यूएई का मुकाबला दुबई में आयोजित होने जा रहा है। टी20 फॉर्मेट में खेले जा रहे एशिया कप 2025 में टीम इंडिया खिताब की प्रबल दावेदार है और आज होने वाले मुकाबले में भी उसी का पलड़ा भारी होगा। यहां हम जानेंगे भारत-यूएई आज के टी20 मैच की पिच रिपोर्ट और ट्रैक रिकॉर्ड।

Image

भारत बनाम यूएई आज के एशिया कप टी20 मैच की पिच रिपोर्ट (X/BCCI/UAECricket)

KEY HIGHLIGHTS
  • एशिया कप 2025 का आज दूसरा मैच
  • भारत और मेजबान यूएई की टीमें आमने-सामने होंगी
  • भारत-यूएई मुकाबला दुबई में खेला जाएगा

Asia Cup 2025, IND vs UAE T20 Pitch Report In Hindi Today Match: आखिरकार आज करोड़ों भारतीय क्रिकेट फैंस का इंतजार खत्म होने जा रहा है। एशिया कप 2025 में भारतीय क्रिकेट टीम आज अपना पहला मुकाबला खेलने उतरेगी, ये टूर्नामेंट का दूसरा मैच होगा। टूर्नामेंट के पहले मैच में अफगानिस्तान और हांगकांग की ग्रुप-बी मैच में टक्कर हो चुकी है। भारत का पहला मैच मेजबान यूएई (India vs UAE) के खिलाफ होगा। ये ग्रुप-ए का मुकाबला है। गौरतलब है कि संयुक्त अरब अमीरात (United Arab Emirates) इस एशियाई टी20 टूर्नामेंट का मेजबान है। भारत और यूएई का मैच दुबई (Dubai) में खेला जाएगा। भारतीय टी20 टीम की कमान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के हाथों में होंगी जो चोट से ठीक होकर लंबे समय बाद मैदान पर वापसी कर रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ यूएई टी20 टीम की अगुवाई मुंहम्मद वसीम (Muhammad Waseem) करते नजर आएंगे। भारत-यूएई टी20 मैच भारतीय समय के मुताबिक रात 8:00 बजे से शुरू होगा और टॉस 7:30 बजे किया जाएगा।

आज होने वाले एशिया कप 2025 के दूसरे मैच में जब भारत और यूएई टूर्नामेंट में अपने-अपने अभियान का आगाज करने जा रहे हैं, तो एक नजर डाल लेते हैं इन दोनों टीमों के ट्रैक रिकॉर्ड व आंकड़ों पर। इन दोनों टीमों के बीच अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सिर्फ और सिर्फ एक मैच खेला गया है। वो मुकाबला 2015-16 के एशिया कप के दौरान बांग्लादेश में खेला गया था। उस मैच में टीम इंडिया ने यूएई को 20 ओवर में 9 विकेट पर 89 रन ही बनाने दिए थे और जवाब में भारत ने कुल 10.1 ओवर में सिर्फ 1 विकेट गंवाते हुए 9 विकेट से बड़ी जीत दर्ज कर ली थी। उसके बाद से अब जाकर ये दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने आने जा रही हैं।

भारत बनाम यूएई आज के मैच की पिच रिपोर्ट (IND vs UAE T20 Pitch Report)

टीम इंडिया और संयुक्त अरब अमीरात की टीमों के बीच एशिया कप टी20 टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला दुबई के दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (Dubai International Cricket Stadium) में खेला जाएगा। इस मैदान की बात करें तो साल के इस महीने में दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की पिच मार्च की तुलना में ज्यादा हरी होगी, जिसका मतलब साफ है कि इस पिच पर अच्छा उछाल देखने को मिलेगा। टीम इंडिया ने मार्च में यहां पर चैंपियंस ट्रॉफी खेली थी और उस दौरान स्पिनर्स का बोलबाला रहा था। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि क्या दोनों टीमें स्पिनर्स पर भरोसा जारी रखेंगी या फिर पिच पर घास को देखते हुए तेज गेंदबाजों पर भरोसा करेंगी। वैसे यहां बल्लेबाजों को भी रन बनाने के काफी मौके मिलने वाले हैं। दुबई के मैदान पर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सर्वाधिक स्कोर 212 रन है जो टीम इंडिया ने 2022 में अफगानिस्तान के खिलाफ बनाया था। अगर न्यूनतम स्कोर की बात करें तो ये 55 रन का स्कोर वेस्टइंडीज के नाम दर्ज है जब 2021 में इंग्लैंड ने उन्हें यहां मात दी थी। इस ग्राउंड पर सर्वाधिक लक्ष्य हासिल करने का रिकॉर्ड श्रीलंका के नाम दर्ज है जब उन्होंने 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ 184 रन बनाकर जीत हासिल कर ली थी। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 145 रन है। अब तक इस मैदान पर 93 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच हो चुके हैं, जिनमें 46 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 47 मैच बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने अपने नाम किए हैं।

दुबई के मैदान पर हुए पिछले 5 टी20 मैचों के नतीजे और स्कोरकार्ड (Results And Scorecards Of Last 5 T20I Matches Played At Dubai)

तारीख दोनों टीमें स्कोरकार्ड मैच का नतीजा
20 अगस्त 2023यूएई-न्यूजीलैंडन्यूजीलैंड- 166/5, यूएई- 134/7न्यूजीलैंड 32 रन से जीता
11 मार्च 2024यूएई-स्कॉटलैंडस्कॉटलैंड- 147/8, यूएई- 149/2 (17.4 ओवर)यूएई 8 विकेट से जीता
13 मार्च 2024स्कॉटलैंड-यूएईस्कॉटलैंड- 121/8, यूएई- 112/9स्कॉटलैंड 9 रन से जीता
14 मार्च 2024यूएई-स्कॉटलैंडस्कॉटलैंड- 94 ऑल-आउट, यूएई- 62 (15.2 ओवर)स्कॉटलैंड 32 रन से जीता
21 दिसंबर 2024कुवैत-यूएईयूएई- 153/9, कुवैत- 151 (19.3 ओवर)यूएई 2 रन से जीता

भारत और यूएई की एशिया कप 2025 में टी20 टीमें (India And UAE T20 Squads For Asia Cup 2025)

भारतीय टी20 टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, रिंकू सिंह और हर्षित राणा।

संयुक्त अरब अमीरात टी20 टीम: मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, एथन डिसूजा, हैदर अली, हर्षित कौशिक, जुनैद सिद्दीकी, मतीउल्लाह खान, मुहम्मद फारूक, मुहम्मद जवादुल्लाह, मुहम्मद जोहैब, राहुल चोपड़ा, रोहिद खान, सिमरनजीत सिंह, सगीर खान, अर्यांश शर्मा, आसिफ खान और ध्रुव पराशर।

भारत-यूएई एशिया कप मैच में इन खास खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players To Watch Out For In IND vs UAE Asia Cup 2025 Match)

एशिया कप 2025 में आज होने वाले भारत-यूएई टी20 मुकाबले में कई खिलाड़ियों पर फैंस की नजरें रहने वाली हैं। भारत की तरफ से नंबर.1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma), टी20 टीम में लौटने वाले शुभमन गिल (Shubman Gill), कप्तान सूर्यकुमार, तिलक वर्मा (Tilak Varma), हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya), वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakravarthy) और अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) पर नजरें टिकी रहेंगी। जबकि यूएई से कप्तान वसीम के अलावा राहुल चोपड़ा (Rahul Chopra), हर्षित कौशिक (Harshit Kaushik), आसिफ खान (Asif Khan) और हैदर अली (Haider Ali) से स्थानीय फैंस को सबसे ज्यादा उम्मीदें होंगी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article