क्रिकेट

IND vs SL: रोहित शर्मा ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भरी हुंकार, बोले - 'अब टी20 विश्व कप से आगे बढ़ने का समय'

IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली वनडे सीरीज से पहले कप्तान रोहित शर्मा ने एक प्रेस कांफ्रेंस में चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर हुंकार भरी है। उन्होंने नए कोच गौतम गंभीर के साथ भी अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बातचीत की है। इसमें उन्होंंने एक बड़ा खुलासा भी किया है।

Image

रोहित शर्मा (फोटो- X)

IND vs SL: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि अब टी20 विश्व कप जीत की खुशी से आगे बढ़ने का समय आ गया है और अब वह नये मुख्य कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में चुनौतियों भरी श्रृंखलाओं में सफलता जारी रखने की उम्मीद लगाये हैं।रोहित की टीम ने श्रीलंका के खिलाफ सफेद गेंद की श्रृंखला में गंभीर के मार्गदर्शन में इस सत्र में नयी यात्रा शुरू की है जिसमें कुछ शीर्ष स्तर के टूर्नामेंट खेले जाने हैं और इसमें अगले साल के शुरू होने वाली चैम्पियंस ट्राफी भी शामिल है।

रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘मैंने क्रिकेट से दूर अच्छा समय बिताया। विश्व कप जीतने के बाद घर वापस आना एक शानदार अहसास था जिसमें दिल्ली और मुंबई में अनुभव अद्भुत रहा। लेकिन अबहमें आगे बढ़ना होगा क्योंकि क्रिकेट आगे बढ़ता है।रोहित ने विश्व कप जीत के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले लिया था।हमने बीते समय में जो कुछ भी प्रदर्शन किया है, वो उस विशेष समय के लिए अच्छा था। लेकिन समय आगे बढ़ता रहता है और हमें भी आगे बढ़ते रहना चाहिए।'

एक बड़ा टूर्नामेंट आने वाला है- रोहित

रोहित शर्मा ने कहा कि पिछले साल घरेलू मैदान पर 50 ओवर के विश्व कप में आस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद भी टीम ने यही तरीका अपनाया था।रोहित ने कहा - '2023 विश्व कप के बाद भी यही हुआ था। हमें तब बहुत निराशा हुई थी लेकिन हमें आगे बढ़ना था और विश्व कप का इंतजार करना था। अब जब टी20 विश्व कप खत्म हो गया है तो हमें एक टीम के रूप में यह सोचना होगा कि हमारे आगे क्या है। एक बड़ा टूर्नामेंट आने वाला है।'

गंभीर को लेकर रोहित का बड़ा बयान

भारतीय कप्तान ने माना कि गंभीर का कोचिंग का तरीका उनके पूर्ववर्तियों से अलग होगा।उन्होंने कहा - 'गौतम गंभीर ने बहुत क्रिकेट खेला है और वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट से जुड़े रहे हैं। निश्चित रूप से पिछले सहयोगी स्टाफ से यह अलग होगा। राहुल द्रविड़ के कोच बनने से पहले रवि शास्त्री थे। हर व्यक्ति अलग तरह से काम करता है।मैं गंभीर को बहुत लंबे समय से जानता हूं और हमने साथ में थोड़ा बहुत क्रिकेट खेला है। वह बहुत स्पष्ट है और वह जानते हैं कि वह टीम से क्या चाहते हैं। हमने टीम की कमियों के बारे में, अच्छी चीजों के बारे में और टीम को क्या जरूरत है, इस बारे में बात की है। टीम को आगे कैसे बढ़ाया जाये, इस पर चर्चा हुई है।'

गंभीर को काफी गंभीर व्यक्ति माना जाता है लेकिन रोहित ने नये कोच के बारे में कहा -'गौती भाई ड्रेसिंग रूम में काफी मजेदार चीजें करते हैं, बहुत सारे चुटकुले सुनाते हैं। मुझे नहीं लगता कि हमें उनके निजी व्यक्तित्व के बारे में बात करनी चाहिए जैसे कि वह हंसते हैं या नहीं। हर किसी का अपना तरीका होता है।'

(भाषा इनपुट्स के साथ)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article