शहर

MP News: ग्वालियर सड़क हादसे पर CM मोहन यादव का एक्शन, CSP हटाए गए, 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड

ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कड़ा एक्शन लिया है। झांसी रोड के सीएसपी को हटा दिया गया है और 3 थाना प्रभारियों समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

Image

ग्वालियर हादसे में सीएम ने की कार्रवाई

Photo : PTI

Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त और त्वरित कार्रवाई की है। घटना में कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में 9 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर गाज गिरी है। सीएम ने झांसी रोड के सीएसपी (CSP) को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं, जबकि 3 थाना प्रभारियों सहित 8 अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि "श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और कर्तव्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"

इन अधिकारियों पर हुई कार्रवाई

हादसे की गंभीरता और प्रशासनिक चूक को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन और स्थानांतरण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस गंभीर घटना में लापरवाही बरतने पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी, आरक्षक किशन खन्ना, आरक्षक अनिल जैतपुरिया और आरक्षक पवन सेंगर को निलंबित करने के भी निर्देश दिए।

मृतकों और घायलों को मुआवजा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे में प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक मुआवजे और सहायता की घोषणा की है। उन्होंने राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये... देने के निर्देश दिए हैं, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये का मुआवजा और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों का समुचित इलाज राज्य शासन द्वारा नि:शुल्क कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर जिलों के रहने वाले हैं।

मंत्रियों को मौके पर भेजा

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कैबिनेट मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को तुरंत ग्वालियर पहुंचने और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वे बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा की शांति, शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति और सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article