स्पोर्ट्स

Delhi Half Marathon: मटाटा ने कोर्स रिकॉर्ड के साथ जीता मेंस का खिताब, अलेमु बनीं महिला चैंपियन

कीनिया के चार्ल्स मटाटा ने रविवार को वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में रविवार को यहां नया कोर्स रिकॉर्ड बनाते हुए मेंस एलीट वर्ग का खिताब अपने नाम किया। इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु ने महिला एलीट वर्ग में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

Image

Charles Matata ने जीता दिल्ली हाफ मैराथन का खिताब।

Photo : ANI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। कीनिया के चार्ल्स मटाटा ने रविवार को वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में रविवार को यहां नया कोर्स रिकॉर्ड बनाते हुए मेंस एलीट वर्ग का खिताब अपने नाम किया, जबकि इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु ने महिला एलीट वर्ग में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मटाटा ने 58 मिनट 52 सेकंड में दौड़ पूरी कर वर्ष 2020 में इथियोपिया के अमेदेवोर्क वालेलेग्न के बनाए 58 मिनट 53 सेकंड के रिकॉर्ड को एक सेकंड से पीछे छोड़ दिया।

पीटीआई के अनुसार, इस उपलब्धि के लिए उन्हें विजेता की 27,000 डॉलर (करीब 25.64 लाख रुपये) की पुरस्कार राशि के अलावा रिकॉर्ड तोड़ने पर 12,000 डॉलर (करीब 11.40 लाख रुपये) अतिरिक्त मिलेंगे। दिलचस्प बात यह है कि मटाटा के जुड़वां भाई एलेक्स मटाटा ने वर्ष 2025 में 59 मिनट 50 सेकंड के समय के साथ यह खिताब जीता था। मेंस एलीट वर्ग में कीनिया के धावकों का दबदबा रहा। सैमवेल न्यामाई मेलू ने 59 मिनट 24 सेकंड के समय के साथ दूसरा, जबकि स्टेनली वाइथाका म्बुरू ने 59 मिनट 33 सेकंड में दौड़ पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया।

वुडिनेश अलेमु ने जीता महिला वर्ग का खिताब

महिला एलीट वर्ग में इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु ने एक घंटा छह मिनट 35 सेकंड में दौड़ पूरी कर खिताब जीता। कीनिया की सेलाह बुसिनेई एक घंटा सात मिनट एक सेकंड के समय के साथ दूसरे और सिंथिया चेलंगाट चेपक्वोनी एक घंटा सात मिनट 32 सेकंड में दौड़ पूरी कर तीसरे स्थान पर रहीं। शैलेश कुशवाहा ने भारतीय मेंस एलीट वर्ग में एक घंटा पांच मिनट पांच सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। गौरव माथुर एक घंटा पांच मिनट 11 सेकंड के साथ दूसरे और हेमंत कुमार एक घंटा पांच मिनट 37 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

भारतीय महिला एलीट वर्ग में अंकिता ध्यानी ने एक घंटा 12 मिनट 46 सेकंड में दौड़ पूरी कर शीर्ष स्थान हासिल किया। सोनिया एक घंटा 14 मिनट 56 सेकंड के साथ दूसरे और भागीरथी एक घंटा 15 मिनट 51 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में कुल 2,75,732 डॉलर की पुरस्कार राशि रखी गई थी। पुरुष और महिला एलीट वर्ग के विजेताओं को 27,000-27,000 डॉलर दिये गये। भारतीय एलीट पुरुष और महिला वर्ग में शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले धावकों को क्रमशः 3.50 लाख, 2.50 लाख और 1.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article