IND (India) Vs SL (Sri Lanka) 2nd T20 Pitch Report Today Match In Hindi: टीम इंडिया अपने श्रीलंका दौरे पर नए कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) के युग में प्रवेश कर चुकी है। सीरीज का शनिवार को खेला गया पहला मुकाबला भारतीय टीम के नाम रहा। टीम इंडिया ने पहले मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था जिसके जवाब में मेजबान श्रीलंका की टीम 170 रन बनाकर ढेर हो गई। ऐसे में एक दिन बाद भारत-श्रीलंका के बीच तीन मैच की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज पल्लेकल (कैंडी) के पल्लेकल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत-श्रीलंका टी20 सीरीज में टीम इंडिया की अगुवाई सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) कर रहे हैं जबकि श्रीलंका के कमान नए कप्तान चरिथ असलंका (Charith Asalanka) के हाथों में है। दोनों टीमें नए टी20 कप्तान और कोच के साथ सीरीज में उतरी हैं।
भारत और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली इस टी20 सीरीज के आज शुरू होने से पहले आपको बताते हैं कि क्रिकेट के इस फॉर्मेट में दोनों टीमों का आमने-सामने खेलते हुए आंकड़े कैसे रहे हैं। इन दोनों टीमों के बीच आज तक 30 टी20 अंतराष्ट्रीय मैच खेले जा चुके हैं जिसमें 20 मैच भारत ने जीते हैं, जबकि 9 में श्रीलंका ने जीत दर्ज की है। जबकि एक मैच बेनतीजा समाप्त हुआ। अगर श्रीलंकाई सरजमीं पर दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों की बात करें तो भारत-श्रीलंका के बीच श्रीलंका में अब तक 10 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेले गए हैं जिसमें से में 6 में भारत विजयी रहा है, वहीं मेजबान श्रीलंकाई क्रिकेट टीम अपने ही घर पर सिर्फ 3 मैच भारत के खिलाफ जीतने में सफल हुई।
भारत-श्रीलंका दूसरे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट (IND vs SL 2nd T20 Pitch Report)
टीम इंडिया और मेजबान श्रीलंका के बीच दूसरा टी20 मैच भी कैंडी के पल्लेकल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान की पिच की बात करें तो ये एक हाई स्कोरिंग ग्राउंड रहा है और यहां बल्लेबाज बड़ा स्कोर जरूर खड़ा कर सकते हैं। ऐसा ही शनिवार को खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भी देखने को मिला। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 213 रन का स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में मेजबान टीम अच्छी शुरुआत के बाद 170 रन पर 19.2 ओवर में ढेर हो गई। इस मैदान पर टी20 में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम दर्ज है। ऑस्ट्रेलिया ने साल 2016 में 263 रन श्रीलंका के खिलाफ बनाए थे। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 161 रन है। वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए इस मैदान पर सबसे बड़ी जीत यहां पाकिस्तानी टीम ने साल 2012 में बांग्लादेश के खिलाफ 178 रन बनाकर हासिल की थी। कुल मिलाकर इस पिच पर बल्लेबाजों का दबदबा जरूर रहने वाला है लेकिन गेंदबाज भी कमाल दिखा सकते हैं। पहले मुकाबले में 17 विकेट गिरे ऐसे में रविवार को भी गेंदबाज अपना कमाल दिखा सकते हैं। पिच स्पिनर्स के मुफीद है लेकिन पहले मुकाबले में यहां तेज गेंदबाजों ने भी अपना जलवा दिखाया जो कि दूसरे में भी बरकरार रह सकता है।
इस मैदान पर खेले गए पिछले 5 टी20 मैचों के स्कोरकार्ड (Last 5 Matches Results At Pallekele)
| तारीख | टीमें | स्कोरकार्ड | नतीजा |
| 6 सितंबर 2019 | श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड | श्रीलंका- 125/8, न्यूजीलैंड- 16 ओवर में 88 ऑलआउट | श्रीलंका 37 रन से जीता |
| 4 मार्च 2020 | श्रीलंका बनाम वेस्टइंडीज | वेस्टइंडीज- 196/4, श्रीलंका- 19.1 ओवर में 171 ऑलआउट | वेस्टइंडीज 25 रन से जीता |
| 6 मार्च 2020 | श्रीलंका बनाम वेस्टइंडीज | श्रीलंका- 155/6, वेस्टइंडीज- 17 ओवर में 158/3 | वेस्टइंडीज 7 विकेट से जीता |
| 11 जून 2022 | ऑस्ट्रेलिया बनाम श्रीलंका | ऑस्ट्रेलिया- 176/5, श्रीलंका- 19.5 ओवर में 177/6 | श्रीलंका 4 विकेट से जीता |
| 27 जुलाई 2024 | श्रीलंका बनाम भारत | भारत- 213/7, श्रीलंका-19.2 ओवर में 170/10 | भारत 43 रन से जीता |
