क्रिकेट

IND vs SA 3rd ODI: कप्तान केएल राहुल ने इन दो खिलाड़ियों को दिया जीत का श्रेय, बताया क्या था मैच का टर्निंग प्वाइंट

India vs South Africa 3rd ODI: केएल राहुल की कप्तानी में भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की। टीम इंडिया ने शनिवार को एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में 9 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की है।

Image

केएल राहुल विराट कोहली और कुलदीप यादव (फोटो- AP)

India vs South Africa 3rd ODI: भारतीय क्रिकेट टीम ने कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल के नेतृत्व में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है। टीम इंडिया ने शनिवार को विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में 9 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। इस शानदार जीत के बाद कप्तान राहुल ने खास तौर पर प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव की उम्दा गेंदबाजी की जमकर तारीफ की।

गेंदबाजों का रहा जलवा

भारत ने दक्षिण अफ्रीका की टीम को 47.5 ओवरों में 270 रन पर समेट दिया। इस दौरान भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने 9.5 ओवरों में 66 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि स्पिनर कुलदीप यादव ने अपने 10 ओवरों में सिर्फ 41 रन खर्च करते हुए 4 विकेट झटके।

इसके जवाब में, भारतीय बल्लेबाजों ने भी कमाल कर दिया। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (नाबाद 116), रोहित शर्मा (75) और विराट कोहली (नाबाद 65) की बेहतरीन पारियों की बदौलत भारत ने केवल 39.5 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया।

'टॉस के बाद टीम ने गर्व से देखा'

सीरीज जीतने के बाद कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतने के अपने अनुभव को मजाकिया अंदाज में साझा किया। राहुल ने लगातार 20 मैचों तक टॉस हारने के क्रम को तोड़ने पर संतोष व्यक्त किया।राहुल ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि टॉस के बाद टीम ने मुझे कभी इतनी गर्व भरी नजरों से देखा होगा।" उन्होंने आगे कहा, "शुरुआती दो मुकाबलों में हमें मुश्किल हालात मिले थे, इसलिए इस मुश्किल आउटफील्ड पर गेंदबाजों को ब्रेक देकर अच्छा लगा। यह विकेट अच्छा था। हम जानते हैं कि जिन टीमों के खेलने का अंदाज आक्रामक होता है, वे या तो 400 के स्कोर का पीछा कर सकती हैं या फिर आक्रामक शॉट खेलकर आउट हो सकती हैं।"

कृष्णा और कुलदीप की सराहना

कप्तान ने जीत का श्रेय अपनी गेंदबाजी इकाई को दिया, खासकर कृष्णा और कुलदीप को।राहुल ने कहा, "प्रसिद्ध कृष्णा ने महत्वपूर्ण विकेट लिए और फिर कुलदीप यादव ने भी शानदार गेंदबाजी की। इसी तरह आप वनडे में विपक्षी टीमों को रोकते हैं।" उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक की अच्छी बल्लेबाजी की प्रशंसा की और कहा कि नए बल्लेबाजों के लिए विकेट पर टिकना काफी मुश्किल था, इसलिए उनका विकेट बहुत अहम था।

राहुल के लिए सबसे संतोषजनक बात यह थी कि टीम ने पूरे सीरीज में दबाव को अच्छी तरह से संभाला। उन्होंने कहा, "सबसे संतोषजनक बात यह रही कि हमने दबाव को बहुत अच्छी तरह से संभाला। सभी मुकाबलों में साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों ने हमें दबाव में डाला। एक मुकाबला हमारे पक्ष में नहीं रहा था, लेकिन हम इसके बारे में ज्यादा नहीं सोच रहे हैं। हमारी योजनाएं और प्रक्रियाएं लगातार एक जैसी रही हैं। इस मुकाबले में वही तरीका अपनाना टीम के लिए फायदेमंद साबित हुआ।"

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article