क्रिकेट

IND vs SA 2nd ODI Pitch Report, Weather: भारत-दक्षिण अफ्रीका दूसरे वनडे मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल, यहां देखें

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 19, 2023, 03:57 PM IST

IND vs SA 2nd ODI Pitch Report, St George's Park and Gqeberha weather forecast Today: आज (19 December 2023) भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला आज यानी मंगलवार को खेला जाएगा। भारत ने सीरीज का पहला मुकाबला जीतकर 1-0 की बढ़त बनाई हुई है। आइए जानते हैं दूसरे वनडे मैच में कैसी होगी पिच रिपोर्ट और गक्बेरहा के मौसम का हाल।

Image

भारत-दक्षिण अफ्रीका दूसरे वनडे मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज 2023
  • आज दूसरे वनडे मैच में सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगा भारत
  • मुकाबला गक्बेरहा के सेंट जॉर्जेस पार्क में खेला जाएगा

IND (India) vs SA (South Africa) 2nd ODI Pitch Report and Gqeberha Weather Forecast Today Match: मेहमान टीम भारत और मेजबान दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के बीच आज तीन वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। ये मैच दक्षिण अफ्रीका के लिए करो या मरो का मुकाबला होगा क्योंकि सीरीज के पहले वनडे मैच में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज करते हुए 1-0 की बढ़त बना ली है और अगर दूसरा मुकाबला दक्षिण अफ्रीका ने गंवाया तो वो सीरीज भी गंवा देंगे। वहीं केएल राहुल (KL Rahul) की अगुवाई में खेल रही टीम इंडिया दूसरा वनडे मैच जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी जो सिर्फ मैच में नहीं बल्कि सीरीज में भी अजेय बढ़त होगी।

इससे पहले भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जोहानिसबर्ग के वांडरर्स मैदान पर पहला वनडे मुकाबला खेला गया था। उस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान दक्षिण अफ्रीकी टीम भारत के सामने किसी स्कूल की टीम की तरह नजर आई। भारतीय गेंदबाज इस कदर हावी हुए कि दक्षिण अफ्रीकी टीम महज 27.3 ओवर में 116 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय गेंदबाजों में अर्शदीप सिंह ने 5 विकेट लेकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया, वहीं आवेश खान ने 4 विकेट झटके, जबकि एक विकेट कुलदीप यादव ने लिया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम रुतुराज गायकवाड़ (5 रन) के रूप में पहला विकेट सस्ते में जरूर गंवाया लेकिन उसके बाद साइ सुदर्शन (नाबाद 55) और श्रेयस अय्यर (नाबाद 52) की शानदार अर्धशतकीय पारियों ने टीम को जीत तक पहुंचाने का काम किया। भारत ने टी20 के अंदाज में 16.4 ओवर में 2 विकेट खोते हुए 8 विकेट से जीत दर्ज की।

भारत-दक्षिण अफ्रीका दूसरे वनडे मैच में कैसी होगी पिच रिपोर्ट? (IND vs SA 2nd ODI Pitch Report)

दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम और मेहमान टीम इंडिया के बीच दूसरा वनडे मुकाबला गक्बेरहा के सेंट जॉर्जेस पार्क में आयोजित होने जा रहा है। पहले पोर्ट एलिजाबेथ के नाम से मशहूर रहे गक्बेरहा में कुछ ही दिन पहले भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का एक मुकाबला खेला गया था। भारत ने उस मैच में शानदार प्रदर्शन जरूर किया था लेकिन बारिश से प्रभावित उस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने डकवर्थ लिविस नियम के हिसाब से 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। उस मैच में पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया ने बारिश से पहले 19.3 ओवर में 7 विकेट पर 180 रन जड़ डाले थे। वहीं जवाब में दक्षिण अफ्रीका को 15 ओवर में 152 रनों का लक्ष्य मिला जो उन्होंने 5 विकेट खोते हुए 13.5 ओवर में हासिल कर लिया था। ऐसे में ये साफ है कि बल्लेबाजों के लिए ये पिच वाकई फायदेमंद साबित हुई है। वहीं गेंदबाजों में तेज गेंदबाज ज्यादा प्रभावी साबित हुए हैं तो स्पिनर्स ने मध्य के ओवरों में अपना दम दिखाया है।

आज कैसा रहेगा गक्बेरहा का मौसम? (Gqeberha Weather Today)

तीन वनडे मैचों की सीरीज का ये दूसरा मुकाबला भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गक्बेरहा में आयोजित होने जा रहा है। पूर्व में पोर्ट एलिजाबेथ नाम से पहचाने जाने वाले इस वेन्यू में आज मौसम का हाल कैसा रहेगा, आइए जान लेते हैं। कुछ ही दिन पहले जब दोनों टीमें यहां टी20 मैच खेलने उतरी थीं तो बारिश ने मैच में बाधा पैदा की थी। अब आज भी कुछ ऐसे ही आसार नजर आ रहे हैं। अनुमान के मुताबिक आज भी यहां 25 प्रतिशत बारिश के आसार हैं। हालांकि हल्की बारिश से मैच पर ज्यादा प्रभाव पड़ता नजर नहीं आता है। वहीं उमस भी बहुत रहने वाली है और हवाएं तेज रहेंगी। तापमान की बात करें तो आज यहां अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है।

दक्षिण अफ्रीका और भारत की वनडे टीमें

भारतीय वनडे टीम: केएल राहुल (कप्तान, विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़, साई सुदर्शन, तिलक वर्मा, रजत पाटीदार, रिंकू सिंह, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), मुकेश कुमार, अवेश खान , अर्शदीप सिंह, आकाश दीप, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल।

दक्षिण अफ्रीकी वनडे टीम: एडन मार्करम (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, केशव महाराज, मिहलाली मपोंगवाना, डेविड मिलर, वियान मुल्डर, एंडिले फेहलुकवायो, तबरेज शम्सी, रासी वैन डेर डुसेन, काइल वेरिन, लिजाद विलियम्स, ओटनील बार्टमैन, नांद्रे बर्गर, टोनी डी जोरजी और रीज़ा हेंड्रिक्स।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article