क्रिकेट

IND vs NZ 5th T20 Match Timing Today 2026: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांचवां टी20, जानें मैच का समय

IND vs NZ 5th T20I Match Timing Today 2026: आज (31 January 2026) भारतीय क्रिकेट टीम आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 से पहले अपना अंतिम टी20 मुकाबला खेलने के लिए मैदान पर आएगी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज का ये पांचवां और आखिरी मुकाबला होने वाला है। टीम इंडिया सीरीज में 3-1 की बढ़त के साथ सीरीज पर पहले ही कब्जा जमा चुकी है। अंतिम टी20 मैच में दोनों टीमें अपनी सर्वश्रेष्ठ एकादश के साथ उतरना चाहेंगी। यहां हम जानेंगे, भारत बनाम न्यूजीलैंड पांचवां टी20 मैच कितने बजे शुरू होगा और खास आंकड़े।

IND vs NZ 5th T20 Match Today Timing

आज भारत न्यूजीलैंड का मैच कितने बजे से है

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज 2026
  • आज भारत और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच पांचवां व अंतिम टी20 मैच
  • सीरीज में टीम इंडिया के पास 3-1 की बढ़त है

IND vs NZ 5th T20 Match Timing Today 2026: भारत और न्यूजीलैंड (India vs New Zealand) आज पांच मैचों की टी20 सीरीज (IND vs NZ T20I Series 2026) का पांचवां व अंतिम मैच खेलेंगे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले दोनों टीमों का ये आखिरी टी20 मैच है इसलिए इसको लेकर रोमांच दोगुना होगा क्योंकि दोनों ही टीमें अपने सर्वश्रेष्ठ टीम रणनीति व प्लेइंग-11 के साथ आना चाहेंगी। भारतीय टी20 टीम सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की कप्तानी में सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर 3-0 की अजेय बढ़त हासिल करने में तो सफल रही थी, लेकिन चौथे टी20 मैच में मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) की अगुवाई वाली मेहमान न्यूजीलैंड ने भारत को 50 रन से हराकर सीरीज में अपनी पहली जीत दर्ज की और स्कोरलाइन 3-1 कर दी। अब विश्व कप से पहले अंतिम मुकाबला खेलना है इसलिए कोई भी टीम हारकर विश्व कप की तरफ कदम बढ़ाना नहीं चाहेगी।

मौजूदा टी20 सीरीज में अब तक भारत का पलड़ा ही भारी रहा है। सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 48 रनों से मात दी थी। इसके बाद, दूसरे T20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत ने सबसे तेज 200 से ऊपर का टारगेट हासिल करने का रिकॉर्ड बनाने के साथ यादगार जीत से सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। फिर, तीसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने लक्ष्य का पीछा करने का स्ट्राइक रेट और भी ऊंचा कर दिया, और उस मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 154 रनों का जो टारगेट दिया था, उसे भारत ने मात्र दस ओवरों में ही हासिल करते हुए 8 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की। इसके बाद चौथे टी20 मैच में टीम इंडिया ने अपनी टीम में कुछ बदलाव के साथ-साथ बैटिंग ऑर्डर में भी फेरबदल किए जो उनके पक्ष में नहीं गए और कीवी टीम ने वो मैच जीतकर सीरीज में अपन पहली जीत का स्वाद चखा।

टी20 विश्व कप से पहले प्लेइंग-11 पर होंगी सबकी नजरें

भारत और न्यूजीलैंड, दोनों ही टीेमें आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के लिए कमर कसने से पहले आखिरी बार किसी टी20 मैच में आमने-सामने होंगी, तो जाहिर तौर पर दोनों ही देश अपनी सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग-11 उतारना चाहेंगी, ऐसी प्लेइंग-11 जो विश्व कप में भी उनकी टीम की सबसे मजबूत प्लेइंग-11 होगी। इसकी वजह है अपनी सर्वोच्च प्लेइंग-11 की खामियों को आखिरी बार परखना ताकि वर्ल्ड कप से पहले इसमें सुधार या बदलाव किए जा सके।

न्यूजीलैंड और मेजबान टीम इंडिया के बीच पांचवां टी20 मैच किस तारीख को होना है? (IND vs NZ 5th T20 Match Date)

भारत-न्यूजीलैंड T20 सीरीज का पांचवां मुकाबला 31 जनवरी 2026, शनिवार को आयोजित होना है।

भारत और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच पांचवां टी20 मैच कहां होने जा रहा है? (IND vs NZ 5th T20 Match Venue)

भारतीय टीम और न्यूजीलैंड टीम के बीच पांचवां टी20 मुकाबला केरल के तिरुवनंतपुरम (Thiruvananthapuram) में स्थित ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम (Greenfield International Stadium) में होना है। ये भारतीय ओपनर संजू सैमसन (Sanju Samson) का घरेलू मैदान भी है। तिरुवनंतपुरम में अब तक चार टी20 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने तीन मैच जीते हैं, जबकि एक हार उसे 2019 में इस मैदान पर वेस्टइंडीज के हाथों झेलनी पड़ी थी। जब कैरेबियाई टीम ने भारत को 8 विकेट से हराया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ यहां 2017 में भारत ने एकमात्र व पहला टी20 मैच खेला था जिसमें भारतीय टीम ने 6 रन से रोमांचक जीत दर्ज करने में सफलता हासिल की थी।

इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच पांचवां टी20 मैच आज कितने बजे शुरू होगा? (IND vs NZ Match Time Today)

आज टीम इंडिया और मेहमान न्यूजीलैंड टीम के बीच टी20 सीरीज का पांचवां व अंतिम मुकाबला भारतीय समय के अनुसान शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। मुकाबले का टॉस 6:30 बजे कराया जाना है।

भारत-न्यूजीलैंड पांचवें T20 मैच की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग कहां देख सकते हैं? (IND vs NZ 5th T20 Match Live Streaming)

न्यूजीलैंड और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच पांचवें टी20 मैच की लाइव स्ट्रीमिंग आप जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर देख सकेंगे।

भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज 2026 की टीमें (India And New Zealand T20 Squads)

भारतीय क्रिकेट टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, श्रेयस अय्यर और रवि बिश्नोई।

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), मार्क चैपमैन, क्रिस्टियन क्लार्क, बेवन जैकब्स, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम रॉबिन्सन, डेवोन कॉनवे, मैट हेनरी, जैकब डफी, माइकल ब्रैसवेल, रचिन रविंद्र, काइल जैमीसन, जिमी नीशम, ईश सोढ़ी और जैक फाउल्स।

T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टीम इंडिया और न्यूजीलैंड टीम के आंकड़े (India vs New Zealand Head To Head T20I Stats)

न्यूजीलैंड और मेजबान भारत के बीच टी20 क्रिकेट में अब तक 29 मैच हुए हैं। भारतीय टीम ने 17 मैचों में जीत हासिल की है। जबकि, न्यूजीलैंड की टीम अब पिछला मुकाबला जीतने के साथ ही भारत को 11 बार टी20 मैच में मात दे चुकी है। वहीं, दोनों टीमों के बीच 1 टी20 मैच टाई भी रह चुका है।

टी20 सीरीज में भारतीय टीम और न्यूजीलैंड टीमों का पांचवां टी20 मैच किस टीवी चैनल पर देख सकेंगे? (IND vs NZ T20 Match TV Telecast Channel)

इंडिया-न्यूजीलैंड पांचवें टी20 मैच को स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर अलग-अलग भाषाओं की कमेंट्री के साथ देख सकेंगे।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थी author

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और... और देखें

End of Article