क्रिकेट

IND vs ENG: 'ये खेल भावना के खिलाफ...'शुभमन गिल के व्यवहार पर इंग्लैंड के दिग्गज ने जताई नाराजगी

IND vs ENG 3rd Test: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। इस मुकाबले में तीसरे दिन का अंत दर्शकों के लिए काफा रोचक रहा जिसमें शुभमन गिल का एक नया रुप देखने को मिला हालांंकि ये जोनाथन ट्रॉट को पसंद नहीं आया।

Image

शुभमन गिल और भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो- EnglandcricketX)

IND vs ENG 3rd Test: इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट ने भारत के कप्तान शुभमन गिल के व्यवहार की आलोचना की है। लॉर्ड्स टेस्ट के तीसरे दिन खेल समाप्त होने से ठीक पहले इंग्लिश ओपनरों के साथ गिल की तीखी प्रतिक्रिया पर ट्रॉट ने कहा कि एक कप्तान को संयम दिखाना चाहिए और अच्छा उदाहरण पेश करना चाहिए।

दरअसल शनिवार को तीसरे दिन का खेल खत्म होने में 10 मिनट बचे थे, तभी इंग्लैंड के बल्लेबाज जैक क्रॉली ने जसप्रीत बुमराह की गेंद का सामना करने से पहले चार बार खुद को पीछे हटा लिया। इससे गिल को लगा कि इंग्लैंड समय बर्बाद कर रहा है। गिल ने कुछ तीखे शब्द कहे और फिर क्रॉली के दस्ताने पर बॉल लगी, जिसके बाद उन्होंने हाथ की जांच कराई और फिजियो को बुलाया। इसके बाद गिल की बहस इंग्लैंड के दूसरे बल्लेबाज बेन डकेट से भी हो गई।इसके बाद जब क्रॉली को उनकी चोट के लिए चेक किया जा रहा था, तब गिल ने ताली बजाकर तंज कसा और ड्रेसिंग रूम की ओर इशारा किया। इसके बाद बुमराह की एक शानदार गेंद ने क्रॉली को छकाया और दिन का खेल खत्म हुआ।

उनका व्यवहार मुझे पसंद नहीं आया- ट्रॉट

इस बारे में बात करते हुए ट्रॉट ने कहा कि गिल का रवैया उन्हें पूर्व कप्तान विराट कोहली की याद दिला रहा था, जो मैदान पर अक्सर आक्रामक और भिड़ने वाले स्वभाव के लिए जाने जाते थे।ट्रॉट ने जियोहॉटस्टार पर कहा, "शुभमन गिल का यह व्यवहार मुझे पसंद नहीं आया। कप्तान के तौर पर आपको टीम के लिए उदाहरण बनना चाहिए। विरोधी से बहस या उंगली उठाना खेल की भावना से हटकर है। मैं प्रतिस्पर्धा और मैदान पर सख्ती के पक्ष में हूं, लेकिन कभी-कभी आपको इन सब से ऊपर उठना होता है। हालांकि, यह निश्चित रूप से कल के मैच को और दिलचस्प बनाता है।"

केएल राहुल और पंत की बल्लेबाजी शानदार

ट्रॉट ने ऋषभ पंत और केएल राहुल की बल्लेबाजी की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि दोनों ने खराब गेंदों पर बढ़िया शॉट्स लगाते हुए रन बटोरे। जब इंग्लैंड के गेंदबाज अच्छी गेंदबाज़ी कर रहे थे, तब पंत और राहुल ने धैर्य दिखाया, अच्छी डिफेंसिव बल्लेबाजी की और मौका मिलने पर रन भी बनाए। अच्छे बल्लेबाज वही होते हैं जो मुश्किल समय में टिकते हैं और जब मौका मिले तो गेंदबाज पर दबाव बना देते हैं। पंत और राहुल ने यही किया और बहुत अच्छा किया।

(आईएनएस)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article