क्रिकेट

IND vs BAN Pitch Report: एशिया कप सुपर-4 में भारत और बांग्लादेश मैच की पिच रिपोर्ट

IND vs BAN Pitch Report Today Match In Hindi: आज (24 September 2025) एसीसी एशिया कप 2025 के सुपर-4 राउंड में अहम मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में आमने-सामने होंगी भारतीय क्रिकेट टीम और बांग्लादेश क्रिकेट टीम। दोनों ही टीमों ने सुपर-4 में अपना-अपना पहला मुकाबला जीता है। भारत ने पाकिस्तान को हराया है, तो बांग्लादेश ने श्रीलंका को शिकस्त दी है। आज जो जीता, उसका फाइनल का टिकट पक्का हो सकता है। यहां हम जानेंगे भारत-बांग्लादेश टी20 मैच में पिच रिपोर्ट और इन दोनों टीमों का टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कैसा है ट्रैक रिकॉर्ड।

Image

भारत बनाम बांग्लादेश पिच रिपोर्ट (Instagram)

KEY HIGHLIGHTS
  • एशिया कप 2025, सुपर-4 राउंड
  • सुपर-4 में आज भारत और बांग्लादेश का मैच
  • भारत-बांग्लादेश मैच दुबई में आयोजित होगा

Asia Cup 2025 Super 4, IND vs BAN T20 Pitch Report In Hindi Today Match: चार एशियाई टीमों के बीच एशिया कप 2025 के सुपर-4 राउंड में फाइनल की रेस जारी है और इसी कड़ी में आज का सुपर-4 मैच भारत और बांग्लादेश (India vs Bangladesh) के बीच खेला जाएगा। इस टी20 मैच का आयोजन दुबई (Dubai) में होने जा रहा है। भारत ने सुपर-4 राउंड के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को छह विकेटों से हराकर 2 अंक हासिल किए थे। जबकि उसके ठीक बाद बांग्लादेश ने श्रीलंकाई टीम को हराया और उन्होंने भी दो अंक हासिल करते हुए फाइनल के लिए चल रही दौड़ में अपनी दावेदारी पेश कर दी। ऐसे में आज भारत और बांग्लादेश में जो भी टीम जीती, उसके चार अंक हो जाएंगे और उसका फाइनल का टिकट लगभग पक्का हो जाएगा। भारतीय क्रिकेट टीम की कमान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के हाथों में है। जबकि बांग्लादेश क्रिकेट टीम की कप्तानी लिटन दास (Litton Das) कर रहे हैं। मुकाबला भारतीय समय के अनुसार रात 8:00 बजे से शुरू होगा और टॉस 7:30 बजे किया जाएगा।

भारत और बांग्लादेश एशिया कप 2025 में पहली बार टकराने जा रहे हैं, तो एक नजर डाल लेते हैं दोनों टीमों के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट रिकॉर्ड पर। भारत-बांग्लादेश की टीमें अब टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 17 बार भिड़ चुकी हैं और दिलचस्प बात यहां ये है कि भारत का पलड़ा बहुत भारी है। भारतीय टीम ने इन 17 मुकाबलों में से 16 में बांग्लादेश को पस्त किया है, जबकि बांग्लादेश सिर्फ एक बार टी20 मैच में टीम इंडिया को हराने में सफल हुई है। एशिया कप 2025 यूएई में हो रहा है, यानी न्यूट्रल वेन्यू। अगर न्यूट्रल वेन्यू पर इन दोनों टीमों के बीच खेले गए अब तक के टी20 मैचों के आंकड़े देखें तो 7 बार भारत-बांग्लादेश न्यूट्रल वेन्यू पर टकरा चुके हैं और सातों मैचों में टीम इंडिया ने बांग्लादेश पर जीत दर्ज की है।

भारत बनाम बांग्लादेश आज के मैच की पिच रिपोर्ट (IND vs BAN Pitch Report)

भारतीय क्रिकेट टीम और बांग्लादेश क्रिकेट टीम आज के एशिया कप सुपर-4 राउंड मैच में दुबई के दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (Dubai International Cricket Stadium) में आमने-सामने होंगी। इस मैदान पर खेले गए एशिया कप 2025 के शुरुआती दो मैचों को छोड़ दें, तो उसके बाद से लगातार यहां बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका मिल रहा और धीरे-धीरे ये रफ्तार बढ़ती जा रही है। यहां आखिरी मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया था जिसमें पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 171 रन बनाए थे। जवाब में टीम इंडिया ने 172 रनों के बड़े स्कोर का पीछा करते हुए कुल 18.5 ओवर के अंदर सिर्फ 4 विकेट गंवाते हुए टारगेट को हासिल कर लिया था। भारत ने आसानी से लक्ष्य का पीछा करते हुए 6 विकेट से जीत हासिल की थी जो साबित करती है कि अब यहां दोनों पारियों में बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए ज्यादा मशक्कत करने की जरूरत नहीं है, बस शुरुआती ओवरों में पेसर्स से और बीच के ओवरों में स्पिन गेंदबाजों से थोड़ा बचकर चलना होगा। दुबई के मैदान पर भारत और बांग्लादेश के बीच टी20 इतिहास का ये पहला मैच होगा।

एशिय कप 2025 में भारत और बांग्लादेश की टी20 टीमें (India And Bangladesh T20 Squads In Asia Cup 2025)

भारतीय क्रिकेट टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, अक्षर पटेल, जसप्रित बुमरा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव और संजू सैमसन।

बांग्लादेश क्रिकेट टीम: लिटन दास (कप्तान, विकेटकीपर), शमीम हुसैन, नुरुल हसन, महेदी हसन, रिशाद हुसैन, नसुम अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, तंजीम हसन, तस्कीन अहमद, शोरफुल इस्लाम, मोहम्मद सैफुद्दीन, तंजीद हसन, परवेज हुसैन इमोन, सैफ हसन, तौहीद हृदोय और जेकर अली।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article