क्रिकेट

IND vs AUS: भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट से पहले हेजलवुड बोले, अच्छा है ये खिलाड़ी टीम इंडिया में नहीं

IND vs AUS: जोश हेजलवुड ने प्रसन्नता जताई है कि शुक्रवार से यहां शुरू हो रही बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में उन्हें भारत के अनुभवी टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का सामना नहीं करना होगा। पुजारा और अजिंक्य रहाणे ने पिछले दो दौरों पर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

Image

जोश हेजलवुड (ICC/X)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज 2024
  • जोश हेजलवुड ने दिया बड़ा बयान
  • खुशी है कि पुजारा टीम इंडिया में नहीं हैंः जोश

आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने प्रसन्नता जताई है कि शुक्रवार से यहां शुरू हो रही बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में उन्हें भारत के अनुभवी टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का सामना नहीं करना होगा। पुजारा और अजिंक्य रहाणे ने पिछले दो दौरों पर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

पुजारा ने 2018-19 में चार टेस्ट की सात पारियों में 1258 गेंदें खेलकर तीन शतक जमाये थे । वह भारत की जीत के सूत्रधारों में से एक थे।

उन्होंने 2020-21 की श्रृंखला में 928 गेंदें खेली जो श्रृंखला में किसी भी बल्लेबाज द्वारा सर्वाधिक थी और इस बार भी उन्होंने जीत में अहम योगदान दिया। हेजलवुड ने पहले टेस्ट से पूर्व पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि पुजारा उनकी टीम में नहीं है । वह ऐसे बल्लेबाज हैं जिनका विकेट आप हमेशा लेना चाहते हैं । आस्ट्रेलिया दौरे पर उन्होंने हमेशा अच्छा प्रदर्शन किया है।’’

उन्होंने हालांकि कहा कि भारत के पास काफी प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं । उन्होंने कहा ,‘‘ भारतीय टीम में हमेशा युवा और नये खिलाड़ी आते रहते हैं । उन पर अच्छे प्रदर्शन का इतना दबाव होता है लिहाजा भारतीय एकादश में जो भी होगा, वह काफी प्रतिभावान होगा ।’’ पिछली बार ऋषभ पंत ने ब्रिसबेन में चौथे और आखिरी टेस्ट में नाबाद 89 रन बनाये थे।

हेजलवुड ने कहा कि पंत के जैसे आक्रामक बल्लेबाज के लिये लचीलापन अपनाना होगा। उन्होंने कहा ,‘‘ ऐसे बल्लेबाज के सामने आपको हमेशा प्लान बी या सी रखना होता है । हमारे पास भी ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श जैसे आक्रामक खिलाड़ी हैं ।’’

शुभमन गिल अंगूठे की चोट के कारण पहला मैच नहीं खेलेंगे जिसकी वजह से भारत को तीसरे नंबर पर नया बल्लेबाज उतारना होगा। हेजलवुड ने कहा ,‘‘ इससे शीर्ष छह का संतुलन बिगड़ता है लेकिन भारतीय क्रिकेट में इतनी गहराई है, शायद दुनिया में सबसे ज्यादा । जो भी आयेगा , वह बेहतरीन ही होगा ।’’

उन्होंने यह भी कहा कि भारत को तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की कमी खलेगी जो चोट से उबरने के बाद पहले हाफ में नहीं खेल सकेंगे । उन्होंने कहा ,‘‘ उन्हें शमी की कमी खलेगी जो 60 टेस्ट खेल चुका है और अनुभवी गेंदबाज है । लेकिन इतने साल में युवाओं की अगुवाई का काम जसप्रीत बुमराह भी कर रहे हैं । वह पहले टेस्ट में कप्तान भी है और उम्मीद है कि खिलाड़ी उनसे प्रेरित होंगे ।’’

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article