देश

'गुजरात से दिल्ली तक बदल दी देश की राजनीति', PM मोदी के जन्मदिन पर BJP का बड़ा प्लान; राजनाथ सिंह ने किया ऐलान

कोलकाता में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर उनके 25 सालों के शासनकाल की सराहना की। उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' का ऐलान किया।

Image

कोलकाता में राजनाथ सिंह ने बताया बीजेपी का मेगा प्लान

Photo : ANI

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की है। उन्होंने एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि 17 सितंबर को पीएम मोदी का जन्मदिन बेहद खास है, क्योंकि इसके ठीक 20 दिन बाद, 7 अक्टूबर को वे सरकार के मुखिया के रूप में अपने 25 साल पूरे करने जा रहे हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुआ यह सफर आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार जारी है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि इस 25 साल की यात्रा ने न केवल भारत की राजनीति की दिशा बदली है, बल्कि वैश्विक मंच पर देश का मान भी बढ़ाया है।इस मौके पर रक्षा मंत्री ने देशव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत की घोषणा की। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और एनडीए के सभी सहयोगी दल मिलकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का यह विशेष अभियान चलाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य जनसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाना है।

देशभर में आयोजित होंगे 12 प्रमुख कार्यक्रम

इस अभियान के तहत देशभर में 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी शुरुआत केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने वाले लाभार्थियों के घरों में दीये जलाकर होगी। राजनाथ सिंह ने साफ किया कि इसके लिए किसी पर कोई दबाव नहीं होगा, बल्कि लोग अपनी खुशी से दीये जलाएंगे। इसके अलावा, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा।

बंगाल की राजनीति पर क्या बोले राजनाथ सिंह?

पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बात करते हुए राजनाथ सिंह ने विश्वास जताया कि सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य 'विकसित भारत' के निर्माण में बड़ा योगदान देगा। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इस बार स्वतंत्रता दिवस पर पहली बार लाल किले से 'वंदे मातरम' के सभी छह पद गाए गए, जो पश्चिम बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति एक बड़ा सम्मान है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article