टीम इंडिया ने केएल राहुल और रवींद्र जडेजा की शानदार शतकीय साझेदारी के दम पर मुंबई में खेला गया पहला वनडे मैच 5 विकेट से जीत लिया है। टीम इंडिया के सामने 189 रन का लक्ष्य था, लेकिन मिचेल स्टार्क की धारधार गेंदबाजी के कारण टीम इंडिया एक वक्त 39 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। लेकिन पहले राहुल ने हार्दिक के साथ 5वें विकेट के लिए 44 और फिर जडेजा के साथ छठे विकेट के लिए नाबाद 105 रन जोड़ कर भारत को जीत दिला दी। केएल राहुल ने नाबाद 75 और रवींद्र जडेजा ने 45 रन की पारी खेली।
ऑस्ट्रेलिया 188 रन पर ऑलआउट
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने लाचार नजर आई और पूरी टीम केवल 35.4 ओवर में 188 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल मार्श को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाया। मार्श ने 65 गेंद पर 81 रन की विस्फोटक पारी खेली।
शमी और सिराज के सामने पस्त ऑस्ट्रेलिया
मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज ने टीम इंडिया के कप्तान हार्दिक पांड्या के टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने के फैसले को सही साबित किया और दोनों ने मिलकर 6 विकेट झटके। शमी और सिराज की दमदार गेंदाबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दोनों ने मिल कर केवल 11.4 ओवर की गेंदबाजी में 36 रन देकर 6 विकेट झटके। इन दोनों की गेंदबाजी का ही नतीजा था कि ऑस्ट्रेलिया ने अपने आखिरी 8 विकेट केवल 59 रन बनाकर गंवा दिए।
