क्रिकेट

EXPLAINER: क्या एशियन गेम्स में होगा भारत-पाकिस्तान के बीच सेमीफाइनल? बेहद आसान भाषा में समझें पूरा समीकरण

Asian Games Cricket Semi Final Scenario: एशियन गेम्स में टीम इंडिया के आगाज पर बारिश ने पानी फेर दिया। हालांकि, इसका फायदा यह हुआ कि भारत ने बिना खेले ही सेमीफाइनल में जगह बना ली। एशियन गेम्स के दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत का सामना अफगानिस्तान से होना था, लेकिन पिछले दो दिन से हुई भारी बारिश के चलते आउट फील्ड गीला था। इसके चलते मैच को रद्द कर दिया गया।

Image

एशियन गेम्स क्रिकेट सेमीफाइनल सिनेरियो।

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत ने एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में बनाई जगह
  • पाकिस्तान ने भी सेमीफाइनल के लिए किया क्वालिफाई
  • दोनों के क्वार्टर फाइनल मुकाबले बारिश के चलते रद्द

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Asian Games Cricket Semi Final Scenario: आइची नागोया में पिछले दो दिन से हुई भारी बारिश का असर भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले एशियन गेम्स के दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच पर पड़ा। भारी बारिश और आउट फील्ड गीला होने चलते मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया। भारत ने वरीयता के आधार पर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया। पाकिस्तान और हांगकांग चाइना के बीच का पहला क्वार्टर फाइनल मैच भी बारिश के चलते रद्द हो गया और पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब फैंस के मन में एक सवाल कौंध गया है कि क्या सेमीफाइनल मुकाबले में भारत और पाकिस्तान का आमना-सामना होगा? आइए पूरा समीकरण समझते हैं।

नागोया में पिछले दो दिन से भारी बारिश हो रही। इसके चलते पाकिस्तान और हांगकांग चाइना के बीच होने वाला पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला मैच रद्द हो गया। वहीं, भारत और अफगानिस्तान को ज्यादा प्रैक्टिस करने का भी मौका नहीं मिला था। मैच वाले दिन भी आसमान पर काले बादल छाए हुए थे। ग्राउंड को सुखाने की कोशिश भी की जा रही थी लेकिन अंत में जब बारिश और गीले आउट फील्ड के चलते मैच रद्द कर दिया गया।

Team India Asian Games, फोटो- BCCI

नागोया में प्रैक्टिस के दौरान भारतीय टीम।

वरीयता का मिला फायदा

पाकिस्तान और भारत को वरीयता (रैंकिंग का) का फायदा मिला। भारतीय टीम आईसीसी रैंकिंग में टॉप पर है। वहीं, पाकिस्तान नंबर-6 पर है। बांग्लादेश 8वें, श्रीलंका 9वें और अफगानिस्तान 10वें स्थान पर काबिज हैं। एशियन रैंकिंग की बात करें तो भारत पहले स्थान पर है। पाकिस्तान दूसरे पायदान पर है। इस वरीयता का फायदा भारत और पाकिस्तान को मिला है। इसके चलते दोनों ही टीमें सीधे सेमीफाइनल में पहुंच गईं।

सेमीफाइनल सिनेरियो

एशियन गेम्स के मेंस क्रिकेट इवेंट के लिए कुल 11 टीमें क्वालिफाई हुईं। ग्रुप- ए में नेपाल, जापन और अफगानिस्तान को जगह मिली। वहीं, ग्रुप बी में मलेशिया, हांगकांग चाइना और ओमान शामिल रहे। जबकि चार टीमें- भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को वरीयता के आधार पर सीधे नॉकआउट चरण में जगह मिली।

लीग मुकाबलों के बाद ग्रुप-ए की टॉप-2 टीम नेपाल और अफगानिस्तान ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, ग्रुप-बी में मलेशिया और हांगकांग चाइना ने नॉकआउट चरण में पहले और दूसरे स्थान पर रहते हुए जगह पक्की की। भारत का सामना ग्रुप-ए में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम से हुआ, जबकि पाकिस्तान का सामना ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से हुआ। वहीं, श्रीलंका का सामना ग्रुप-ए की टॉपर नेपाल से है और बांग्लादेश का सामना ग्रुप-बी के टॉपर मलेशिया है।

Farhan, फोटो-PCB

Farhan, फोटो-PCB

फाइनल में हो सकती है भारत-पाक की भिड़ंत

पहले सेमीफाइनल मुकाबले के लिए पाकिस्तान ने क्वालिफाई किया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल मैच के लिए भारत ने क्वालिफाई किया। अब भारत का सेमीफाइनल में मुकाबला श्रीलंका और नेपाल के बीच होने वाले तीसरे क्वार्टर फाइनल मैच के विजेता होगा। वहीं, पाकिस्तान का सामना चौथे क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश और मलेशिया के मैच के विजेता से होगा। यानी साफ है कि भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल में आमने-सामने नहीं होंगे।

1 अक्टूबर को सेमीफाइनल मुकाबले

हालांकि, 1 अक्टूबर को खेले जाने वाले दोनों सेमीफाइनल मुकाबले के बाद अगर दोनों ही टीमें अपने-अपने मैच में जीत दर्ज करती हैं तो फाइनल में दोनों टीमों की भिड़ंत हो सकती है। फाइनल मुकाबला 3 अक्टूबर को खेला जाएगा।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article