क्रिकेट

IND U19 vs ENG U19 4th ODI: वैभव सूर्यवंशी के रिकॉर्डतोड़ शतक की बदौलत टीम इंडिया ने जीती इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज

भारत की अंडर-19 टीम ने वैभव सूर्यवंशी की आतिशी शतकीय पारी की बदौलत इंग्लैंड की अंडर-19 टीम को चौथे वनडे में मात देकर सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली है। जानिए कैसा रहा मैच का हाल?

Image

वैभव सूर्यवंशी(साभार X)

वॉर्सेस्टर: प्रतिभाशाली वैभव सूर्यवंशी ने अपनी दमदार बल्लेबाजी से प्रभावित करना जारी रखते हुए युवा वनडे मैच का सबसे तेज शतक जड़ा जिससे भारत की अंडर-19 टीम ने शनिवार को यहां चौथे मैच में इंग्लैंड को 55 रन से हराकर श्रृंखला जीत ली। भारतीय अंडर-19 टीम ने इस तरह पांच मैचों की श्रृंखला में 3-1 से अजेय बढ़त बना ली। आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन करने वाले सूर्यावंशी ने 50 ओवर के प्रारूप में भी अपनी काबिलियत साबित की। उन्होंने सिर्फ 78 गेंदों की पारी में 13 चौके और 10 छक्कों की मदद से 143 रन बनाए।

इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 183 का रहा जिससे भारत ने नौ विकेट पर 363 रन बनाये। फिर इंग्लैंड की टीम को 45.3 ओवर में 308 रन पर समेट दिया। नमन पुष्पक ने 63 रन देकर तीन विकेट लिए। सूर्यवंशी ने अपना शतक 52 गेंद में पूरा कर सबसे तेज युवा वनडे शतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यह रिकॉर्ड पहले पाकिस्तान के कामरान गुलाम के नाम था। गुलाम ने 2013 में इंग्लैंड के खिलाफ ही 53 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।

भारतीय खिलाड़ियों में यह रिकॉर्ड राज अंगद बावा के नाम था जिन्होंने 2022 में अंडर-19 विश्व कप में युगांडा के खिलाफ 69 गेंदों में शतक बनाया था। वह इसके साथ ही युवा क्रिकेट के सबसे कम उम्र के बल्लेबाज भी बन गए हैं। सूर्यवंशी की उम्र 14 साल और 100 दिन है। उन्होंने बांग्लादेश के नाजमुल हुसैन शान्टो का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 14 साल और 241 दिन की उम्र में तीन अंकों का आंकड़ा पार किया था।

सूर्यवंशी ने इससे पहले इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व करते हुए सिर्फ 35 गेंद में शतक जड़ा था। वह इस लीग के सबसे युवा शतकवीर बनने के साथ सबसे तेजी से शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बने थे। बिहार के समस्तीपुर के इस खिलाड़ी ने पिछले साल चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ पुरुषों के युवा टेस्ट में दूसरा सबसे तेज शतक भी जड़ा था। उसने सिर्फ 58 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की। वह सिर्फ इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर मोईन अली से पीछे है, जिन्होंने 2005 में 56 गेंदों में शतक बनाया था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article