देश

'अयोध्या में आस्‍था की बात कहने वालों ने कभी हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का पाप किया था', कांग्रेस-सपा पर बरसे CM योगी

  • Agency by: Agency
  • Updated Jul 10, 2026, 01:28 PM IST

अयोध्या दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने कभी हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का पाप किया था और राम मंदिर निर्माण में भी बाधाएं खड़ी की थीं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के आने के बाद अयोध्या का विकास हुआ और राम मंदिर का निर्माण संभव हो सका। वहीं, राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि एसआईटी जांच पूरी सच्चाई सामने लाएगी। इस मामले में अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और ट्रस्ट के दो वरिष्ठ पदाधिकारियों के इस्तीफे भी मंजूर किए जा चुके हैं।

Image

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। PTI

Photo : PTI

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जो लोग आज अयोध्या में आस्था की बात कर रहे हैं, उन्होंने कभी हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का पाप किया था। मुख्यमंत्री अयोध्या में 432 करोड़ रुपये की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण तथा बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री दिवंगत मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। योगी ने कहा, "आज अयोध्या में जो लोग आस्था की बात कह रहे हैं, इन्होंने हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का पाप किया था।"

उन्होंने कहा, "आप सोचिए, क्या कोई जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ कर पाएगा? क्या सरकारें ऐसा करवा पाएंगी? क्या समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ऐसा करवा पाएंगी? अगर नहीं, तो फिर अयोध्या में हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप क्यों कराया गया?" मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज अयोध्या तीनों लोकों से न्यारी और वैभवशाली नगरी के रूप में विकसित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप अयोध्या अब सौर ऊर्जा आधारित शहर बन चुका है और देश के प्रमुख शहरों में अपनी अलग पहचान बना रहा है।

कांग्रेस-सपा पर जमकर बरसे सीएम योगी

योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बनने के बाद राम मंदिर का निर्माण संभव हुआ। मुख्यमंत्री ने अपने आरोप दोहराते हुए कहा, "उन्होंने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप किया और हमने अयोध्या को स्वच्छ, सुंदर और सनातन धर्म की राजधानी के रूप में पुनः स्थापित करने का कार्य किया है।" अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में कराए गए विकास कार्यों का भी विस्तार से उल्लेख किया।

राम मंदिर चंदा विवाद पर योगी ने क्या कहा?

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में राम मंदिर में दान और चढ़ावे के कथित गबन के आरोपों को लेकर विपक्ष ने सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर सवाल उठाए हैं। सात जून को समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सबसे पहले इस मुद्दे को सार्वजनिक रूप से उठाया था। इससे पहले 19 जून को अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामभक्तों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा था कि विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच "दूध का दूध और पानी का पानी" कर देगी।

उन्होंने कहा था कि रामजन्मभूमि के लिए जब लोगों ने 500 वर्षों तक संघर्ष किया है, तो कुछ दिन और इंतजार किया जा सकता है। इस बीच, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) को जांच के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। साथ ही, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्र के इस्तीफे मंजूर किए जा चुके हैं। मामले की जांच जारी है।

End of Article