क्रिकेट

IND A vs AUS A Day 3 Highlights: इंडिया ए तीसरे दिन 199 रन पर हुआ ढेर, ऑस्ट्रेलिया ए को मिला 363 रन का लक्ष्य

इंडिया ए की टीम ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ चार दिवसीय मैच के तीसरे दिन दूसरी पारी में 199 रन पर ढेर हो गई। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया ए को जीत केलिए 363 रन लक्ष्य मिला है।

Image

देवदत्त पडिक्कल (फोटो क्रेडिट BCCI X)

पुडुचेरी: कप्तान देवदत्त पडिक्कल के अर्धशतक और पहली पारी में शतक जड़ने वाले कुमार कुशाग्र के नाबाद 46 रन की मदद से भारत ए ने गुरुवार को यहां पहले चार दिवसीय मुकाबले के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ए के सामने 363 रन का लक्ष्य रखा। भारत ए की टीम एक समय दूसरी पारी में एक विकेट पर 93 रन बनाकर अच्छी स्थिति में दिख रही थी लेकिन इसके बाद उसकी पारी 199 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया ए के लिए ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके जिसमें साई सुदर्शन का महत्वपूर्ण विकेट भी शामिल था।

जीत से 308 रन दूर ऑस्ट्रेलिया ए

बाएं हाथ के बल्लेबाज सुदर्शन भारतीय टीम में रिजर्व सलामी बल्लेबाज के स्थान के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं। वह तीसरे स्थान की दौड़ में पडिक्कल से पिछड़ गए हैं। दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया ए ने दो विकेट पर 55 रन बना लिए थे। उसे जीत के लिए अब 308 रन और चाहिए जबकि मैच बचाने के लिए उसे पूरे चौथे दिन बल्लेबाजी करनी होगी। पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले सलामी बल्लेबाज सुदर्शन ने 85 गेंद में 39 रन बनाए जिसमें तीन चौके शामिल थे। उन्होंने पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की। पडिक्कल ने 88 गेंद में 59 रन बनाए और सात चौके लगाए।

पहली पारी में इंडिया-ए ने हासिल की थी 163 रन की बढ़त

भारत ए ने पहली पारी में 163 रन की बढ़त हासिल की थी लेकिन दूसरी पारी में टीम उस मजबूत स्थिति का फायदा नहीं उठा सकी। सुदर्शन लंच से ठीक पहले मर्फी की गेंद पर स्वीप खेलने के प्रयास में पगबाधा आउट हुए। इस ऑफ स्पिनर ने पहली पारी में भी तीन विकेट लिए थे और दूसरी पारी में चार विकेट हासिल किए। शानदार फॉर्म में चल रहे पडिक्कल ने तेज गेंदबाज लियाम स्कॉट के खिलाफ लगातार दो चौके लगाकर अर्धशतक पूरा किया। यह उनका लगातार चार प्रथम श्रेणी मैचों में चौथा 50 से अधिक का स्कोर है। कप्तान पडिक्कल पांचवें विकेट के रूप में स्कॉट की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। इसके बाद भारत ए ने तेजी से विकेट गंवाए और अंतिम छह विकेट महज 48 रन जोड़कर पवेलियन लौट गए।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article