नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम जब टी20 विश्व कप 2022 में शिरकत करने जाएगी उस टीम में युजवेंद्र चहल,अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन जैसे धाकड़ स्पिनर टीम में शामिल हैं। उनका साथ देने के लिए ऑलराउंडर दीपक हुड्डा भी हैं। लेकिन चयनकर्ताओं ने टीम में बैकअप स्पिनर के रूप में 22 साल के रवि बिश्नोई को भी विश्व कप के लिए भारतीय टीम में अतिरिक्त खिलाड़ियों में शामिल किया है।
रवि बिश्नोई भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए अब कोई अनजाना नाम नहीं है। आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए धमाल मचाने के बाद वो लखनऊ सुपर जांयट्स का हिस्सा बने और अब टीम इंडिया में नियमित रूप से उन्हें जगह मिल रही है। आईपीएल 2022 के बाद से बिश्नोई को टीम इंडिया के लिए 10 मैच खेलने का मौका मिला है और उनका करियर बेहद प्रभावशाली रहा है।
ऐसा रहा है अबतक अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर 22 वर्षीय बिश्नोई ने इन 10 मैचों में 16 विकेट लेकर ये बात साबित कर दी है कि वो लंबे रेस के घोड़े हैं। भारतीय टीम में फिलहाल स्पिन गेंदबाजी आक्रमण की कमान युजवेंद्र चहल के हाथो में है। ऐसे में टी20 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय दल में जगह नहीं बना पाने का बिश्नोई को अफसोस नही हैं।
सुनील गावस्कर ने मेरे अंदर कोई तो खूबी देखी होगी
बिश्नोई को टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का लगातार समर्थन मिल रहा है। ऐसे में रवि ने कहा कि अगर वो (सुनील गावस्कर) मेरे सपोर्ट में हैं तो निश्चित तौर पर मेरे अंतर उन्होंने कोई खूबी तो देखी होगी। ऐसे महान खिलाड़ी जिसने क्रिकेट की दुनिया पर राज किया हो वो आपके बारे में कुछ कहे तो उससे बहुत आत्मविश्वास मिलता है।सुनील गावस्कर ने रवि बिश्नोई को लेकर भविष्यवाणी की है कि ये खिलाड़ी आने वाले वर्षों में कई विश्व कप में खेलता नजर आएगा। गावस्कर ने लेग स्पिनर को ऐसा खिलाड़ी बनने की भी सलाह दी है जिसे भारतीय टीम मैनेजमेंट बाहर ना कर सके।
