क्रिकेट

T20 World Cup 2026: विश्व कप विवाद सुलझाने के लिए आईसीसी ने की पहल, बांग्लादेश जाएगा दल

20 विश्व कप में बांग्लादेश की भागीदारी को लेकर गतिरोध को खत्म करने के लिये आईसीसी का दो सदस्यीय दल शनिवार को ढाका जायेगा।

Image

आईसीसी लोगो

दुबई: भारत में अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप में बांग्लादेश की भागीदारी को लेकर गतिरोध को खत्म करने के लिये आईसीसी का दो सदस्यीय दल शनिवार को ढाका जायेगा। आईसीसी पहले ही संकेत दे चुकी है कि बांग्लादेश के मैच अन्यत्र आयोजित करा पाना संभव नहीं है। आईसीसी का दल सुरक्षा को लेकर बांग्लादेश की आशंकाओं को दूर करने की कोशिश करेगा। बांग्लादेश आईसीसी से लगातार अनुरोध कर रहा है कि सुरक्षा कारणों से कोलकाता और मुंबई में होने वाले उसके मैच भारत के बाहर आयोजित कराये जायें।

बीसीसीआई के निर्देश पर बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान का कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ आईपीएल करार रद्द किये जाने के बाद से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने यह मांग उठाई है। एक जानकार सूत्र ने बताया,'इस समय यही सूचना (आईसीसी अधिकारियों का ढाका दौरा) मिली है । बातचीत चल रही है और मामले का हल निकालने के सभी संभावित तरीकों पर बात होगी । उम्मीद है कि बांग्लादेश सरकार के अधिकारी भी बातचीत में शामिल होंगे।' उन्होंने कहा कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने हाल ही में एक वीडियो कांफ्रेंस में आईसीसी को अपनी चिंताओं से अवगत कराया है, खासकर मुंबई में खेलने को लेकर।

बांग्लादेश को 17 फरवरी को वानखेड़े स्टेडियम पर नेपाल से खेलना है। बोर्ड ने आईसीसी से कहा कि मुंबई में कुछ भारतीय राजनेताओं के बयान उसके खिलाड़ियों की सुरक्षा को खतरे की तरह माने जा रहे हैं। बीसीबी सूत्र ने संकेत दिया कि बांग्लादेश के मैच दक्षिण भारत के किसी शहर या श्रीलंका में कराये जाने पर विचार हो सकता है। समझा जाता है कि आईसीसी का मानना है कि मैचों को स्थानांतरित करने का दमदार कारण चाहिये लिहाजा काल्पनिक परिदृश्य नहीं देखा जा सकता। इस बीच आईसीसी की भ्रष्टाचार निरोधक ईकाई के प्रमुख एंड्रयू एफग्रेव भी ढाका पहुंच रहे हैं जो मैच फिक्सिंग में कथित भागीदारी के लिये नौ स्थानीय खिलाड़ियों को बीसीबी द्वारा निलंबित किये जाने की घटना की समीक्षा करेंगे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article