दुबई: भारत और पाकिस्तान के बीच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के ग्रुप ए के तीसरे मुकाबले में भिड़ंत होने जा रही है। टीम इंडिया बांग्लादेश को पटखनी देकर और पाकिस्तान की टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करने के बाद इस मुकाबले में उतरेगी। ये मुकाबला मेजबान पाकिस्तान के लिए करो या मरो का है। भारतीय टीम की नजर इस मैच में जीत दर्ज करके सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने पर है वहीं पाकिस्तान इस मैच में जीत हासिल करके टूर्नामेंट में अपना वजूद बनाए रखना चाहती है।
आठ महीने एक दूसरे से भिड़ रहे हैं भारत-पाकिस्तान
पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों को इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है। दोनों टीमें 8 महीने बाद एक दूसरे से भिड़ रही हैं। पिछले साल टी20 विश्व कप के दौरान न्यूयॉर्क में दोनों का आमना-सामना हुआ था। बारिश से प्रभावित उस मैच में टीम इंडिया रोमांचक अंदाज में 6 रन के करीबी अंतर से जीत दर्ज करने में सफल रही थी। ऐसे में एक बार फिर फैन्स की नजरें दुबई के आसमान पर रहेंगी। कोई नहीं चाहता है कि मैच पर पानी फिरे। आइए जानते हैं रविवार 23 फरवरी, 2025 को कैसा रहेगा दुबई के मौसम का हाल?
कैसा रहेगा दुबई का मौसम
दुबई के दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को भारत पाकिस्तान की टीमें जब भिड़ेंगी तब प्रशंसकों का उत्साह अपने चरम पर होगा। लेकिन खिलाड़ियों को मैदान पर भीषण गर्मी में खेलने के लिए उतरना पड़ेगा। मैच के दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहेगा। शाम को तापमान में थोड़ी गिरावट तो आएगी लेकिन उमस भी बढ़ती जाएगी। बारिश की संभावना बिलकुल भी नहीं है। हालांकि बादल लुकाछिपी का खेल बीच बीच में खेलते रहेंगे।
