लाइफस्टाइल

कुकर में ब्रेड कैसे बनाते हैं? बिना ओवन घर पर ऐसे बनाएं नरम और फूली हुई ब्रेड

ओवन नहीं है तो भी घर पर ब्रेड बनाई जा सकती है। आटा, यीस्ट, दूध और कुछ आसान चीजों से कुकर में नरम ब्रेड तैयार करें। नोट करें प्रेशर कुकर में ब्रेड कैसे बनाते हैं, घर पर ब्रेड बनाने की रेसिपी।

Image

कुकर में ब्रेड कैसे बनाते हैं

Homemade Bread in Pressure Cooker: घर पर ब्रेड बनाने का मन हो और रसोई में ओवन न हो, तो कुकर आपका काम आसान कर सकता है। सुनने में थोड़ा अजीब लगता है कि जिस कुकर में रोज दाल और सब्जियां बनती हैं, उसमें ब्रेड कैसे बनेगी, लेकिन सही तरीके से इस्तेमाल करने पर इसमें अच्छी नरम ब्रेड तैयार की जा सकती है। इसके लिए आपको किसी खास मशीन की जरूरत नहीं है। मैदा, यीस्ट, थोड़ा दूध, चीनी, नमक और मक्खन जैसी सामान्य चीजों से घर पर बढ़िया ब्रेड बन सकती है। नोट करें प्रेशर कुकर में ब्रेड कैसे बनाते हैं, घर पर ब्रेड बनाने की रेसिपी।

    कुकर में ब्रेड कैसे बनाएं

    2 कप मैदा

    1 छोटा चम्मच इंस्टेंट यीस्ट

    1 बड़ा चम्मच चीनी

    आधा छोटा चम्मच नमक

    ¾ कप गुनगुना दूध

    1 बड़ा चम्मच मक्खन या तेल

    थोड़ा सा मक्खन, बर्तन चिकना करने के लिए

    प्रेशर कुकर में ब्रेड की रेसिपी

    • एक बड़े बर्तन में मैदा, यीस्ट, चीनी और नमक डालें। अब इसमें धीरे-धीरे गुनगुना दूध डालते हुए आटा गूंथें। ध्यान रखें कि दूध बहुत गर्म न हो, वरना यीस्ट ठीक से काम नहीं कर पाएगा।
    • आटे में मक्खन डालकर इसे करीब 8-10 मिनट तक अच्छी तरह गूंथें। आटा नरम और थोड़ा लचीला होना चाहिए। बहुत ज्यादा सूखा आटा ब्रेड को सख्त बना सकता है।
    • आटे को फूलने का दें समय
    • अब आटे को हल्के तेल लगे बर्तन में रखें और ढक दें। इसे गर्म जगह पर करीब 1 से 1.5 घंटे के लिए छोड़ दें। जब आटा लगभग दोगुना हो जाए, तब समझिए कि यह अगले चरण के लिए तैयार है।
    • फूले हुए आटे को हल्के हाथ से दबाकर अतिरिक्त हवा निकालें। इसे दोबारा थोड़ा गूंथें और ब्रेड के आकार के चिकने बर्तन में रख दें।

    कुकर में बेक करें ब्रेड

    • कुकर के अंदर नीचे एक स्टैंड रखें। कुकर को बिना ढक्कन के करीब 5-10 मिनट धीमी आंच पर पहले से गर्म करें। ब्रेड वाले बर्तन को स्टैंड के ऊपर रखें और ढक्कन लगा दें।
    • कुकर की सीटी और रबर की गैसकेट निकालकर ही यह प्रक्रिया करें। कुकर को प्रेशर में नहीं लाना है। धीमी आंच पर करीब 30-40 मिनट तक ब्रेड पकाएं।
    • ब्रेड के ऊपर हल्का सुनहरा रंग आने लगे और अंदर डाली गई टूथपिक साफ निकले तो यह तैयार है।

    नोट करें खास टिप

    ब्रेड को कुकर से निकालने के बाद तुरंत काटने की जल्दबाजी न करें। इसे कुछ मिनट ठंडा होने दें। ऊपर से थोड़ा मक्खन लगा दें। ऐसे ब्रेड बहुत ही सॉफ्ट और टेस्टी बनेगी।

    घर की बनी इस ब्रेड को जैम, मक्खन, सब्जियों या अपनी पसंद की चटनी के साथ खा सकते हैं। पहली बार बनाते समय आंच और समय पर खास ध्यान दें, क्योंकि हर कुकर और गैस की गर्मी थोड़ी अलग हो सकती है।

    Avni Bagrola
    अवनी बागरोलाauthor

    अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

    और पढ़ें
    End of Article