क्रिकेट

IND vs PAK Match Controversy: पाकिस्तान को भारी पड़ सकती है 'गुड़ खाए गुलगुले से परहेज' की रणनीति

पाकिस्तान के भारत का बॉयकॉट करने के फैसले के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) पाकिस्तान के खिलाफ कई सजा देने वाले कदम उठा सकता है। इसमें आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के आगामी सत्र से टीम पर प्रतिबंध लगा सकती है। साथ ही शीर्ष सदस्य देशों का पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने से इनकार करना, भारी वित्तीय जुर्माना और पाकिस्तान सुपर लीग में विदेशी खिलाड़ियों के हिस्सा लेने पर भी प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

Image

पाकिस्तान ने भारत का किया बॉयकॉट। फोटो- AP

नई दिल्ली, भाषा। टी20 वर्ल्ड कप को शुरू होने में महज छह दिन का समय बचा है। जहां एक तरफ सभी टीमें इसकी तैयारी में जुटी हुईं हैं तो वहीं, पाकिस्तान ने एक नया बखेड़ा खड़ा कर दिया है। अंडर-19 वर्ल्ड कप के सुपर-6 में भारत से मिली शिकस्त से झल्लाए पीसीबी ने बेहद बेतुका फैसला करके क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है। पीसीबी ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के साथ खेलने से मना कर दिया है।

पाकिस्तान के भारत का बॉयकॉट करने के फैसले के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) पाकिस्तान के खिलाफ कई सजा देने वाले कदम उठा सकता है। यह कार्रवाई पाकिस्तान सरकार के भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच का बहिष्कार करने के फैसले के बाद की जा सकती है और इसमें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आगामी सत्र से टीम पर प्रतिबंध लगाया जाना भी शामिल है।

पाकिस्तान को मिल सकती है कड़ी सजा

अन्य सजा में शीर्ष सदस्य देशों का पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने से इनकार करना, भारी वित्तीय जुर्माना और पाकिस्तान सुपर लीग में विदेशी खिलाड़ियों के हिस्सा लेने पर भी प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

पाकिस्तान ने क्यों कही बॉयकॉट वाली बात

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टी20 विश्व कप से बांग्लादेश के बाहर होने के फैसले का साथ देते हुए 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ अपना ग्रुप लीग मैच नहीं खेलने का फैसला किया है, जबकि आईसीसी और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के साथ उसका तटस्थ स्थल पर मैच खेलने का अनुबंध है जो बाध्यकारी है।

पीसीबी पर हो सकती है सख्त कार्रवाई

आईसीसी बोर्ड के एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया, 'पीसीबी ने अभी तक आईसीसी को आधिकारिक तौर पर सूचित नहीं किया है लेकिन चूंकि आधिकारिक घोषणा हो चुकी है, इसलिए आईसीसी के कुछ सख्त कार्रवाई करने की उम्मीद है। आईसीसी बोर्ड कल (सोमवार) वर्चुअल बैठक करेगा और तय करेगा कि पाकिस्तान को टूर्नामेंट में खेलने की इजाजत दी जानी चाहिए या नहीं। अगर उन्हें इजाजत दी जाती है तो पीसीबी को कुछ सख्त सजा हो सकती है।'

पीसीबी के खिलाफ संभावित सजा:-

1. टूर्नामेंट में भागीदारी पर पूरी तरह प्रतिबंध।

2. आईसीसी से मिलने वाले सालाना राजस्व को रोका जा सकता है।

3. पीसीबी से जियो-स्टार को राजस्व नुकसान की भरपाई करने को कहा जा सकता है।

4. द्विपक्षीय सीरीज पर रोक, डब्ल्यूटीसी अंक और आइसीसी रैंकिंग पर असर पड़ सकता है।

5. सभी विदेशी खिलाड़ियों (फ्री एजेंट्स को छोड़कर) को पीसीएल में खेलने से प्रतिबंध किया जा सकता है।

युगांडा को मिली सकती है टी20 वर्ल्ड एंट्री

हालांकि, पाकिस्तान को सबसे अधिक नुकसान उसके लिए राजस्व पैदा करने वाली पाकिस्तान सुपर लीग पर रोक से हो सकता है। वहीं, आम तौर पर भारत-पाकिस्तान टी20 मैच के लिए विज्ञापन की दर 25 लाख से 40 लाख रुपये प्रति 10 सेकेंड के बीच होती है। सिर्फ विज्ञापन राजस्व नुकसान 200 करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है। अगर आईसीसी पाकिस्तान को टूर्नामेंट से प्रतिबंधित करता है तो युगांडा उनकी जगह लेगी, लेकिन यह बोर्ड बैठक के बाद ही तय होगा।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article