टेक एंड गैजेट्स

KENT ने लॉन्च किए जनरेटर से भी पावरफुल इन्वर्टर, एक साथ चला सकेंगे तीन AC, 10 साल की वारंटी

KENT ने KENT New Energy के तहत लिथियम बैटरी और सोलर हाइब्रिड इन्वर्टर लॉन्च किए हैं। बैटरी की शुरुआती कीमत ₹22,000 है। कंपनी ने अपने इन्वर्टर को लेकर जनरेटर से भी पावरफुल होने का दावा किया है।

Image

सभी इन्वर्टर में AI और मोबाइल ऐप का सपोर्ट है/Photo- Kent

वॉटर प्यूरीफायर के लिए पहचानी जाने वाली कंपनी KENT अब एनर्जी सेक्टर में भी अपनी पहचान बनाने की तैयारी में है। कंपनी ने ‘KENT New Energy’ नाम से नया डिवीजन शुरू करते हुए लिथियम बैटरी, सोलर हाइब्रिड इन्वर्टर और स्मार्ट पावर बैकअप प्रोडक्ट्स की नई रेंज लॉन्च की है। इन प्रोडक्ट्स के जरिए कंपनी घरों में बिजली कटौती की समस्या कम करने और सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देना चाहती है। इस कारोबार के लिए कंपनी ने नोएडा में करीब 250 करोड़ रुपये का निवेश किया है।

16 kWh तक की लिथियम बैटरी लॉन्च

KENT ने सोलर एनर्जी स्टोर करने के लिए 5.1 kWh, 11.8 kWh और 16 kWh क्षमता वाली लिथियम बैटरी पेश की हैं। इन बैटरियों में सोलर पैनल या बिजली ग्रिड से मिलने वाली ऊर्जा को जरूरत के हिसाब से स्टोर किया जा सकता है। कंपनी के मुताबिक, इन बैटरियों को 6,000 से ज्यादा चार्जिंग साइकल के लिए डिजाइन किया गया है और इन पर 10 साल की वारंटी मिलेगी।

इसके अलावा, कंपनी ने 3 kW से लेकर 15 kW तक की क्षमता वाले सोलर हाइब्रिड इन्वर्टर भी लॉन्च किए हैं जो कि किसी आम जनरेटर से भी पावरफुल हैं। ये इन्वर्टर सोलर पैनल, बैटरी और बिजली ग्रिड से मिलने वाली ऊर्जा को एक साथ मैनेज कर सकते हैं। इससे घरों में बिजली की जरूरत के मुताबिक अलग-अलग स्रोतों का इस्तेमाल करना आसान हो सकता है।

22,000 से शुरू होगी लिथियम बैटरी की कीमत

कंपनी ने सामान्य घरेलू इन्वर्टर और UPS के लिए 12 वोल्ट और 24 वोल्ट वाली लिथियम बैटरी भी पेश की हैं। इनकी शुरुआती कीमत 22,000 रुपये है। KENT का दावा है कि पारंपरिक लेड-एसिड बैटरी के मुकाबले इन बैटरियों का इस्तेमाल करने पर 10 साल में 30,000 रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक की बचत हो सकती है। हालांकि, वास्तविक बचत इस्तेमाल, बैटरी की कीमत और रखरखाव जैसे कारकों पर निर्भर करेगी।

कंपनी ने एक ऑल-इन-वन इन्वर्टर भी लॉन्च किया है, जिसमें इन्वर्टर और बैटरी एक ही यूनिट में मिलेंगे। नए प्रोडक्ट्स के साथ मोबाइल ऐप की सुविधा भी दी गई है। इसके जरिए यूजर बैटरी की स्थिति और बिजली की खपत पर नजर रख सकेंगे।

सोलर इन्वर्टर से एक साथ चलेंगे 3 AC

KENT के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर महेश गुप्ता के मुताबिक, कंपनी के नए सोलर इन्वर्टर की सबसे बड़ी खासियत इसकी 10 साल की वारंटी है। उनका कहना है कि यह अवधि सामान्य इन्वर्टर की बैटरी की लाइफ से तीन गुना तक ज्यादा हो सकती है।

महेश गुप्ता ने बताया कि आमतौर पर इन्वर्टर का इस्तेमाल पंखे और बल्ब जैसे उपकरण चलाने के लिए किया जाता है, लेकिन KENT का सोलर हाइब्रिड इन्वर्टर एक साथ तीन AC चलाने में सक्षम है। यह लिथियम बैटरी पर आधारित समाधान है। हालांकि, कंपनी के सामने इसकी कीमत प्रतिस्पर्धी बनाए रखने की चुनौती होगी, क्योंकि बाजार में कम कीमत वाले इन्वर्टर भी उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि देश के कई गांवों में आज भी रात के समय बिजली कटौती होती है। ऐसे इलाकों में सोलर इन्वर्टर उपयोगी साबित हो सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ग्रीन एनर्जी और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की पहल से प्रेरित होकर कंपनी ने अपने कारोबार का विस्तार ऊर्जा क्षेत्र में किया है।

डीलर नेटवर्क और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से होगी बिक्री

देश में रूफटॉप सोलर सिस्टम और ऊर्जा स्टोरेज की बढ़ती मांग को देखते हुए KENT ने इस नए कारोबार में कदम रखा है। कंपनी अपने मौजूदा डीलर नेटवर्क, रिटेल स्टोर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए इन प्रोडक्ट्स की बिक्री करेगी। इससे कंपनी का कारोबार वॉटर और एयर प्यूरीफायर से आगे बढ़कर घरेलू ऊर्जा समाधानों तक पहुंच जाएगा।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article