क्रिकेट

Ranji Trophy: मुंबई ने हिमाचल को पारी के अंतर से दी पटखनी, ग्रुप डी में पहुंचा टॉप पर

मुंबई ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी मैच में हिमाचल प्रदेश को पारी के अंतर से पटखनी देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और ग्रुप डी में पहले पायदान पर कब्जा कर लिया है।

Image

सरफराज खान (फोटो क्रेडिट MCA)

बिलासपुर: मुंबई ने बुधवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी मैच में हिमाचल प्रदेश को पारी और 97 रन से हराकर बोनस अंक के साथ लगातार दूसरी जीत दर्ज की। पहली पारी आठ विकेट पर 528 रन पर घोषित करने के बाद मुंबई ने पहली पारी में हिमाचल को 140 रन पर ढेर करके फॉलोऑन के लिए मजबूर किया और फिर दूसरी पारी में भी टीम को 291 रन पर ढेर करके आसान जीत दर्ज की।

मोहित अवस्थी ने चटकाए 44 विकेट

दूसरी पारी में मुंबई की ओर से तेज गेंदबाज मोहित अवस्थी ने 44 रन देकर पांच विकेट चटकाए जबकि तुषार देशपांडे और शम्स मुलानी को दो-दो विकेट मिले। तेज गेंदबाज सिलवेस्टर डिसूजा ने एक विकेट हासिल किया। हिमाचल की ओर से कप्तान पुखराज मान ने 50 जबकि वैभव काल्ता ने 63 रन का योगदान दिया। हिमाचल की टीम अंतिम दिन तीन विकेट पर 144 रन से आगे खेलने उतरी जिसके बाद मान और काल्ता ने अर्धशतक पूरे किए।पहले मैच में चंडीगढ़ को पारी और 155 रन से हराने वाली मुंबई की टीम दो मैच में 14 अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर है।

राजस्थान ने रेलवे को ड्रॉ पर रोका

जयपुर में मेजबान राजस्थान को रेलवे ने ड्रॉ पर रोका। राजस्थान ने हालांकि पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए। राजस्थान ने पहली पारी में 497 रन बनाए थे और फिर रेलवे को 338 रन पर समेटकर 159 रन की बढ़त के आधार पर मेहमान टीम को फॉलोआन दिया। रेलवे ने जब दूसरी पारी में दो विकेट पर 174 रन बनाए थे जब मैच ड्रॉ घोषित किया गया। दूसरी पारी में रेलवे के लिए मोहम्मद सैफ ने नाबाद 103 जबकि ईशान गोयल ने नाबाद 57 रन बनाए। इससे पहले ग्रुप के अन्य मुकाबलों में तमिलनाडु ने उत्तराखंड को पारी और 66 रन जबकि हरियाणा ने चंडीगढ़ को पारी और 24 रन से हराया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article