क्रिकेट

Hockey Award 2024: सविता और हरमनप्रीत को हॉकी इंडिया वर्ष 2024 के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार

Hockey Award 2024: हॉकी इंडिया ने साल 2024 के पुरस्कारों की घोषणा की है। 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली सविता को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का बलजीत सिंह पुरस्कार भी मिला ।

Image

हॉकी अवॉर्ड 2024 (साभार-X)

Hockey Award 2024: पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह को हॉकी इंडिया सातवें सालाना पुरस्कार में वर्ष 2024 के सर्वश्रेष्ठ पुरूष खिलाड़ी और दिग्गज गोलकीपर सविता को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार मिला। पचास वर्ष पहले 15 मार्च को ही कुआलालम्पुर में भारत को एकमात्र विश्व कप जिताने वाली अजितपाल सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम को ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया गया । इस पुरस्कार के तहत टीम को 50 लाख रूपये दिये गए।

हॉकी इंडिया ने यह समारोह आज भारत की विश्व कप जीत के 50 साल और इस वर्ष भारतीय हॉकी के सौ साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया था।

पिछले साल पेरिस ओलंपिक में दस गोल करके भारत को लगातार दूसरा ओलंपिक कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने कहा ,‘‘ पुरस्कार काफी मायने रखते हैं और युवाओं को इससे प्रेरणा मिलती है। मैं उन्हें इतना ही कहूंगा कि नतीजे का दबाव लिये बिना कड़ी मेहनत करते रहें ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ इतने महान खिलाड़ियों के सामने आज के खास दिन पुरस्कार पाना बहुत गर्व की बात है । हम कोशिश करेंगे कि अगले साल विश्व कप में एक बार और भारत को खिताब दिलायें।’’ उन्हें यह पुरस्कार तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता दिवंगत बलबीर सिंह सीनियर के नाती कबीर सिहं भोमिया, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की और महासचिव भोलानाथ सिंह ने प्रदान किया । पुरस्कार के तहत दोनों खिलाड़ियों को एक ट्रॉफी और 25 . 25 लाख रूपये दिये गए।

वहीं तीसरी बार पुरस्कार जीतने वाली पूर्व कप्तान सविता ने वीडियो संदेश में कहा ,‘‘ इस पुरस्कार से मुझे आगे और मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी । यह मेरे साथी खिलाड़ियों को समर्पित है।’’ टोक्यो ओलंपिक 2021 में ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रही भारतीय टीम की सदस्य और हाल ही में 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली सविता को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का बलजीत सिंह पुरस्कार भी मिला ।सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर का परगट सिंह पुरस्कार अमित रोहिदास ने जीता जबकि सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर का अजितपाल सिंह पुरस्कार हार्दिक सिंह को मिला । सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड का धनराज पिल्लै पुरस्कार अभिषेक को दिया गया।

वर्ष 2024 की सर्वश्रेष्ठ अंडर 21 महिला खिलाड़ी का असुंथा लाकड़ा पुरस्कार ड्रैग फ्लिकर दीपिका को मिला जबकि पुरूष वर्ग में जुगराज सिंह पुरस्कार अराइजीत सिंह हुंडल ने जीता। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने पेरिस ओलंपिक 2024 में लगातार दूसरा कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरूष टीम को सम्मानित किया । प्रत्येक खिलाड़ी को पंद्रह लाख रूपये और सहयोगी स्टाफ को 7.5 लाख रूपये के चेक दिये गए । हॉकी इंडिया ने इस वर्ष कुल पुरस्कार राशि बढाकर 12 करोड़ रूपये कर दी थी।

हरमनप्रीत को वर्ष 2024 का एफआईएच पुरूष खिलाड़ी और अब खेल को अलविदा कह चुके पी आर श्रीजेश को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार मिलने पर व्यक्तिगत उपलब्धि के लिये पुरस्कार दिया गया । दीपिका को बिहार के राजगीर में हुई महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में सर्वाधिक गोल करने, प्लेयर आफ द टूर्नामेंट रहने और मस्कट में जूनियर एशिया कप में सर्वाधिक गोल करने के लिये पुरस्कार दिया गया।

हरमनप्रीत को चीन में हुई पुरूष एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में प्लेयर आफ द टूर्नामेंट रहने और अराइजीत सिंह को मस्कट में जूनियर एशिया कप में प्लेयर आफ द टूर्नामेंट रहने के लिये पुरस्कार मिला। एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी और जूनियर एशिया कप जीतने वाली भारतीय महिला और पुरूष दोनों टीमों को भी पुरस्कार दिये गए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article