लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को गोवा में कांग्रेस की ‘गोय रखोन यात्रा’ में हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को वोट चोरी,बेरोजगारी और राज्य की जमीन अरबपतियों को सौंपने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि चुनावी प्रक्रिया में विपक्षी दलों और उनके समर्थकों के वोट काटे जा रहे हैं, जबकि अपने समर्थकों के वोट बढ़ाए जा रहे हैं। राहुल ने कहा कि कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए इस मुद्दे को उठाती रहेगी।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया, “ज्ञानेश कुमार वोट चोरी को इम्प्लीमेंट करते हैं, अमित शाह उसे ऑपरेशनलाइज करते हैं और नरेंद्र मोदी पूरी प्लानिंग करते हैं।” उन्होंने आरोप लगाते हुए दावा किया कि मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और असम में चुनावों के दौरान वोट चोरी हुई है।
'मेरे खिलाफ मानहानि के 45 से ज्यादा मामले'
राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि उनके खिलाफ मानहानि के 45 से अधिक मामले हैं, लेकिन वोट चोरी के आरोपों को लेकर उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। उन्होंने इसकी वजह बताते हुए दावा किया कि ऐसा मामला दर्ज होने पर कानूनी प्रक्रिया में चुनावी गड़बड़ियों से जुड़े सवाल उठेंगे।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चुनावों के दौरान सतर्क रहने और कथित तौर पर वोट चोरी की किसी भी घटना को पकड़ने की अपील की। राहुल ने कहा कि कांग्रेस संविधान की रक्षक है और वह इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को कथित वोट चोरी के लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा। राहुल ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियां संविधान पर हमला हैं और इससे जनता के अधिकार प्रभावित होते हैं।
'गोवा को पिगी बैंक बना रही है सरकार'
गोवा की बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि राज्य की जमीन किसानों और गरीब लोगों से लेकर बाहरी लोगों तथा अरबपतियों को बेची जा रही है। उन्होंने कहा कि गोवा की जमीन और संसाधनों का इस्तेमाल राज्य के लोगों के हितों के बजाय चुनिंदा कारोबारी समूहों को फायदा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।
राहुल ने कहा, “गोवा को पिगी बैंक कैसे बनाएं, गोवा से पैसे कैसे बनाएं, बस यही इनका काम है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पहले के मास्टर प्लान को रद्द कर दिया और राज्य की जमीन को लेकर ऐसे फैसले किए, जिनसे आम लोगों के हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोवा अपनी प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति के लिए जाना जाता है, लेकिन सरकार की नीतियों के कारण राज्य के लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। इन आरोपों पर राज्य सरकार का पक्ष इस खबर में उपलब्ध नहीं है।
बेरोजगारी के मुद्दे पर भी घेरा
राहुल गांधी ने गोवा में रोजगार की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य के युवाओं के पास पर्याप्त रोजगार के अवसर नहीं हैं। राहुल गांधी ने कहा कि देश में सबसे ज़्यादा अनएम्प्लॉयमेंट गोवा में है। युवाओं का कोई फ्यूचर नहीं है। आपके लोग गोवा छोड़ के विदेश जा रहे हैं।बीजेपी के लोग, उनके लीडर अरबपति बन रहे हैं। चीफ मिनिस्टर की फैमिली के एसेट्स बढ़ते जा रहे हैं। गोवा के युवाओं को रोजगार नहीं मिल सकता। पूरा सिस्टम इन्होंने खत्म कर दिया है। रोजगार का स्ट्रक्चर ही उड़ा दिया है।उन्होंने मुख्यमंत्री के परिवार की संपत्ति बढ़ने का भी आरोप लगाया और कहा कि राज्य के युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। राहुल ने दावा किया कि देश में बड़े कारोबारी समूहों को हवाई अड्डों, सड़कों, बिजली संयंत्रों और रक्षा क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में ठेके और संसाधन दिए जा रहे हैं।
उन्होंने उद्योगपति गौतम अडानी और मुकेश अंबानी का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों से बड़े कारोबारी समूहों को फायदा पहुंच रहा है। राहुल ने कहा कि यही इनका सिस्टम है कि अरबपतियों को पैसा दो, कॉन्ट्रैक्ट दो, ज़मीन दो, अरबपति इनकी मार्केटिंग करते हैं। टीवी पे आपको नरेंद्र मोदी दिखाई देंगे चौबीस घंटा,अमित शाह दिखाई देंगे। ये पहलेवोट चोरी करते हैं और फिर आपकी जमीन उठाकर अरबपतियों को पकड़ा देते हैं। ये इनका सिस्टम है हर स्टेट में,सिर्फ गोवा में नहीं।
मोदी-शाह पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी ने आगे अपने संबोधन में कहा कि आपने पता नहीं देखा या नहीं, मोदी जी का चेहरा आपने देखा आजकल? देखा है? 56 इंच की छाती कहाँ गई? आजकल नरेंद्र मोदी सामने खड़े नहीं हो सकते हैं। अमित शाह ,नरेंद्र मोदी यह सब जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी ने इनको निपट लिया है। युवा इनके खिलाफ खड़ा हो गया है। देश की आत्मा जो है, ये नरेंद्र मोदी और अमित शाह की सच्चाई को समझ गई है। उसके बाद कोई कुछ नहीं कर सकता। आपको कितनी भी फोर्स लगानी है, कितना भी पैसा लगाना है, कितनी भी मार्केटिंग करनी है आप कर लो कोई फर्क नहीं पड़ता।
'गोय रखोन यात्रा' में दो किलोमीटर पैदल चले राहुल
राहुल गांधी रविवार को दोपहर में डाबोलिम हवाई अड्डे पहुंचे। इसके बाद उन्होंने मार्गाओ में कांग्रेस की ‘गोय रखोन यात्रा’ में भाग लिया और पार्टी नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के साथ करीब दो किलोमीटर पैदल चले। बाद में उन्हें मारगाओ क्रिकेट क्लब (एमसीसी) मैदान में जनसभा को संबोधित करना था। यात्रा में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के गोवा प्रभारी माणिकराव ठाकरे, सह-प्रभारी डॉ. अंजली निंबालकर, गोवा विधानसभा में विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ और गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश चोडंकर सहित अन्य नेता शामिल हुए।
