दुनिया

युद्धग्रस्त ईरान को 8 माह बाद मिला नया रक्षा मंत्री, पद संभालते ही ट्रंप पर तरेरी आंख; बोले- अगर बम गिरा तो...

Iran US Conflict: ईरान के नए रक्षा मंत्री मेहरदाद अखलाघी ने पद संभालते ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चेतावनी दे डाली। साथ ही, राष्ट्रपति पेजेशकियान ने भी युद्ध को लेकर बड़ा संदेश दिया।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के नए रक्षा मंत्री मेहरदाद अखलाघी (फोटो साभार: एक्स/AP)

Photo : Twitter

Iran US Conflict: अमेरिका के साथ युद्ध लड़ रहे ईरान ने आठ माह बाद नया रक्षा मंत्री नियुक्त किया है। ईरान के नए रक्षा मंत्री मेहरदाद अखलाघी (Mehrdad Akhlaghi) ने पद संभालते ही अमेरिका पर आंख तरेरते हुए चेतावनी दे डाली। उन्होंने रक्षा मंत्री के तौर पर अपने पहले भाषण में कहा कि अगर अमेरिकी एक बार फिर कोई गलत आकलन करता है, तो ईरान की गौरवशाली जनता और इस्लाम के योद्धाओं की प्रतिक्रिया अप्रत्याशित और व्यापक होगी।

उन्होंने आगे कहा कि इसके क्षेत्रीय और वैश्विक परिणामों की पूरी जिम्मेदारी अमेरिका की आतंकवादी सरकार और उसके सहयोगियों की होगी। सनद रहे कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हुए संयुक्त हमलों के पहले दिन ही पूर्ववर्ती रक्षा मंत्री अजीज नासिरदेह की मौत हो गई थी। इन हमलों में ईरान के तत्कालीन सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई सहित कई अन्य सैन्य कमांडर भी मारे गए थे।

अखलाघी ने ट्रंप को ललकारा

अखलाघी ने ट्रंप को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें क्षेत्र में मौजूद अपने लोगों की सुरक्षा की चिंता करनी चाहिए। अखलाघी ने कहा, "ट्रंप को इस बारे में सोचना चाहिए कि वह अपने लोगों को क्षेत्र से सुरक्षित बाहर कैसे निकाल सकते हैं।" उन्होंने आगे कहा, "अगर वह एक बम गिराते हैं, तो उन्हें देखना पड़ेगा कि उनके कितने लोगों के शव उन्हें बाहर ले जाने पड़ेंगे। उनका यह बयान अमेरिका के साथ संभावित सैन्य टकराव को लेकर ईरान के कड़े रुख को दर्शाता है।

'US के सामने नहीं झुकेगा अमेरिका'

इस दौरान, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने भी अमेरिका को स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उनका देश दूसरे देशों के दबाव या मांगों के आगे नहीं झुकेगा। उन्होंने कहा, "हम अपनी जमीन और देश की दृढ़ता से रक्षा करेंगे और दुश्मनों को अपनी प्रिय मातृभूमि पर बुरी नजर नहीं डालने देंगे। इसी तरह, हमारी किसी दूसरे देश के क्षेत्र पर कब्जा करने की कोई मंशा नहीं है।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article