क्रिकेट

टी20 वर्ल्ड कप से 24 घंटे पहले टीम इंडिया को झटका, बाहर हुआ तेज गेंदबाज

Harshit Rana Injury: टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। यूएसए के खिलाफ मुकाबले से पहले हर्षित राणा की इंजरी की खबर आ रही है। ऐसा बताया जा रहा है कि वह वर्ल्ड कप से बाहर हो सकते हैं। राणा को अभ्यास मैच के दौरान चोट लग गई थी।

Image

हर्षित राणा (साभार-BCCI)

Harshit Rana Injury: टी20 वर्ल्ड कप से ठीक 24 घंटे पहले टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। दरअसल, ऐसी खबर आ रही है कि भारत के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा अभ्यास मैच के दौरान घुटने में चोट लगने के कारण टी20 विश्व कप से बाहर हो सकते हैं और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में स्वीकार किया कि राणा की स्थिति ’अच्छी नहीं’ दिख रही है। सूर्यकुमार ने हालांकि, राणा को अभी पूरी तरह से बाहर नहीं किया, लेकिन उनकी बातों से लगा कि राणा के लिए समय पर ठीक होना मुश्किल है। भारतीय टीम विश्व कप में अपना अभियान शनिवार को अमेरिका के खिलाफ शुरू करेगी।

सूर्यकुमार ने कहा, " राणा को अभी बाहर नहीं किया गया है, हमारे फिजियो उनका आकलन कर रहे हैं, लेकिन उनके चोट की स्थिति अच्छी नहीं लग रही है।"

भारतीय टीम के विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि राणा के लिए इस टूर्नामेंट के दौरान चोट से उबरने की संभावना काफी कम है। राणा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में केवल एक ओवर डाला, जिसमें उन्होंने 16 रन दिए और उसके बाद घुटने की चोट के कारण मैदान से बाहर चले गए।

राणा हालांकि भारत की शुरुआती एकादश का हिस्सा नहीं थे। उनका इकोनॉमी रेट भी नौ से ऊपर का है। वह हालांकि विशिष्ट परिस्थितियों में एक उपयोगी विकल्प साबित हो सकते थे। वह निचले क्रम में भी बल्ले से योगदान देने में सक्षम है।

कौन कर सकता है राणा को रिप्लेस?

अगर राणा टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होते हैं तो उनकी जगह किसी अनुभवी गेंदबाजी को मौका मिल सकता है। इस रेस में प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज का नाम सबसे आगे है। इससे पहले हरफनमौला वॉशिंगटन सुंदर भी मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं। उनकी उपलब्धता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article