क्रिकेट

IND vs ENG: 'मैं स्वीकार करता हूं कि...' हैरी ब्रूक ने बताया भारत के खिलाफ इंग्लैंड ने कहां गंवाया सेमीफाइनल मैच

IND vs ENG Semi Final: मुंबई के वानखेड़े में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का एक ऐतिहासिक मैच खेला गया। T20 World Cup 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से मात दी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 246 रन ही बना सकी। मैच के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने बताया कि टीम कहां मुकाबला हार गई।

Image

मैच के बाद हैरी ब्रूक। फोटो- स्क्रीन ग्रैब (जियो हॉटस्टार)

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में गुरुवार को भारत के खिलाफ सात रन की हार के बाद स्वीकार किया कि उन्होंने मेजबान टीम की पारी के दौरान संजू सैमसन का कैच टपकार बड़ी गलती की, जिन्होंने बाद में अर्धशतक जड़ा और प्लेयर ऑफ द मैच खिताब जीता।

भारत के 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम बेथेल (105 रन, 48 गेंद, सात छक्के, आठ चौके) के शतक के बावजूद सात विकेट पर 246 रन ही बना सकी। सैमसन ने इससे पहले 15 रन के स्कोर पर मिले जीवनदान का फायदा उठाते हुए 42 गेंद में सात छक्कों और आठ चौकों से 89 रन की पारी खेली। भारत ने सात विकेट पर 253 रन बनाए जो टूर्नामेंट के इतिहास में नॉकआउट मुकाबलों का सर्वोच्च स्कोर है।

हैरी ब्रूक ने मानी अपनी गलती

ब्रूक ने मैच के बाद कहा, 'हमें लगा था कि पहली पारी में गेंद अधिक रुककर आएगी और स्पिन होगी, लेकिन गेंद अच्छी तरह से बल्ले पर आई और भारत ने अच्छी बल्लेबाजी की।मैं स्वीकार करता हूं कि सैमसन का कैच टपकार मैंने बहुत बड़ी गलती की। हम फील्डिंग में उतने अच्छे नहीं थे। हमने गलतियां की और भारत के खिलाफ ऐसा नहीं कर सकते।'

बेथेल की तारीफ की

ब्रूक ने बेथेल की जमकर सराहना की, जिन्होंने इंग्लैंड को लगभग अविश्वसनीय जीत दिला दी थी। ब्रूक ने कहा, बेथेल बिल्कुल अविश्वसनीय था, वह बहुत आगे जाएगा। पहली गेंद से ही उसने रन बनाकर दुनिया को दिखाया कि वह क्या कर सकता है। हमारा टूर्नामेंट अच्छा रहा और हमें इस बात पर बहुत गर्व होना चाहिए कि हमने कैसा खेला। हम पूरे मैच में डटे रहे, लेकिन दुर्भाग्य से नतीजा हमारे पक्ष में नहीं रहा।

मैच में लगी कुल 73 बाउंड्री

वानखेड़े में कुल 73 (39 चौके और 34 छक्के) बाउंड्री लगी जो टी20 विश्व कप मैच में सबसे अधिक है। 2016 में इसी मैदान पर इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुए मैच में 61 बाउंड्री लगी थी। भारत ने टी20 विश्व कप में चौथी बार फाइनल में जगह बनाई है, जो किसी भी टीम के लिए सबसे अधिक है।

    क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमार author

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से... और देखें

    End of Article