क्रिकेट

ICC Women's T20 World Cup 2026: बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले से पहले शिखा पांडे ने दी हरमनप्रीत कौर को बड़ी सलाह

आईसीसी विमेंस टी20 विश्व कप 2026 में बांग्लादेश के खिलाफ टीम इंडिया के मुकाबले से पहले तेज गेंदबाज शिखा पांडे ने कप्तान हरमनप्रीत कौर को एक बड़ी सलाह दी है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

हरमनप्रीत कौर

Photo : AP

नई दिल्ली: भारतीय तेज गेंदबाज शिखा पांडे का मानना है कि महिला टी20 विश्व कप में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को विकेटों के पतन की चिंता छोड़कर स्वाभाविक आक्रामक खेल पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्रीज पर थोड़ा समय बिताने के बाद हरमनप्रीत बिल्कुल अलग स्तर की बल्लेबाज नजर आती हैं। भारतीय टीम के लिए दक्षिण अफ्रीका से हारने के बाद विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हो गयी है। टीम को लीग चरण में बृहस्तपिवार को बांग्लादेश और रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है।

बैटिंग ऑर्डर में बदलाव से हो सकता है हरमनप्रीत को फायदा

शिखा ने 'जियोस्टार' के 'गेम प्लान' कार्यक्रम में सुझाव दिया कि बल्लेबाजी क्रम में बदलाव से हरमनप्रीत अपनी लय वापस पा सकती हैं। उनके अनुसार कप्तान को चौथे नंबर पर आना चाहिये जबकि जेमिमा रोड्रिग्स को पांचवें स्थान पर उतारा जा सकता है। उन्होंने कहा,'भारतीय मध्यक्रम में हरमनप्रीत कौर की स्ट्राइक रेट चिंता का विषय है। शुरुआती विकेट जल्दी गिरता है तो यास्तिका भाटिया बल्लेबाजी के लिए आती हैं और जेमिमा चौथे नंबर पर खेलती हैं। संभव है कि हरमनप्रीत चौथे नंबर पर आएं और जेमिमा पांचवें स्थान पर चली जाएं।'

कप्तान को खेलना चाहिए अपना स्वाभाविक खेल

शिखा ने कहा कि हरमनप्रीत को विकेट गिरने की चिंता छोड़कर अपने स्वाभाविक खेल पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा,'जब हरमनप्रीत कौर लय में होती हैं तो वह पूरी तरह अलग बल्लेबाज नजर आती हैं। क्रीज पर समय बिताने के बाद वह सहजता से ड्राइव और डीप मिडविकेट के ऊपर से बड़े शॉट लगाती है। वह स्पिनरों के खिलाफ भी बेहद प्रभावी हैं। अगर वह जम जाएं तो भारत को बड़ा फायदा होगा।'

जेमिमा को करनी चाहिए नंबर तीन पर बल्लेबाजी

भारत की पूर्व बल्लेबाज वेदा कृष्णमूर्ति ने जेमिमा रोड्रिग्स को तीसरे नंबर पर ही बल्लेबाजी कराने का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि किसी बल्लेबाज को स्पष्ट भूमिका देना बेहद जरूरी होता है। वेदा ने कहा,'यह आत्मविश्वास की बात है। जब लगातार कुछ कम स्कोर बनते हैं तो बल्लेबाज जरूरत से ज्यादा सोचने लगता है और उसका खेल सीमित हो जाता है।'

इसलिए मिली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार

उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच का जिक्र करते हुए कहा कि नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से साझेदारियां नहीं बन सकीं। टी20 क्रिकेट में गति बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण होता है। वेदा ने कहा,'मैं अब भी जेमिमा को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते देखना चाहूंगी। उन्हें एक निश्चित भूमिका दी जानी चाहिए, क्योंकि इससे तैयारी करना आसान हो जाता है। जब किसी खिलाड़ी से लचीला रहने को कहा जाता है, तो उसे यह समझ नहीं आता कि पहली गेंद से तैयार रहना है या तीसरे ओवर से। इससे बल्लेबाज के लिए मुश्किलें बढ़ जाती हैं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article