भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से हराकर जीत के साथ टी20 वर्ल्ड कप का आगाज किया। पाकिस्तान के सामने 171 रन का लक्ष्य था, लेकिन भारतीय स्पिन गेंदबाजों के सामने पाकिस्तानी बैटर्स ने सरेंडर कर दिया और 17 ओवर में 106 रन बनाकर ढेर हो गई। भारत की ओर से दीप्ति ने 5 और श्री चरणी ने 3 विकेट चटकाए। दीप्ति ने इस फाइफर के दम पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 350 विकेट पूरे कर लिए। इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 170 रन बनाए। भारत की ओर से स्मृति मंधाना ने 68 और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन की अहम पारी खेली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी की और टीम इंडिया को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। पाकिस्तान के खिलाफ भारत की यह टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी जीत है।
मैच के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने समर्थन के लिए फैंस का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा 'बहुत खुश हूं। सबसे पहले भारतीय प्रशंसकों को धन्यवाद देना चाहती हूं। स्मृति और दीप्ति हमेशा टीम का हौसला बढ़ाती हैं। ऋचा की एक अहम भूमिका है। उन्होंने जिस तरह से खेला, उससे मैं बहुत खुश हूं। अगर आप सभी कैच पकड़ते हैं, तो आप मैच जीत जाते हैं। हमारी फील्डिंग से मैं बहुत खुश हूं। लीग का हर मैच महत्वपूर्ण होता है। मैच के दौरान हरमनप्रीत कौर लंगड़ाते हुए नजर आईं थी। ऐसे में जब उनसे इंजरी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा मैं ठीक हूं।
