क्रिकेट

INDW vs NZW 2nd ODI: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में हार का कप्तान हरमनप्रीत ने किसके सिर पर फोड़ा ठीकर

भारतीय महिला क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को खेले गए सीरीज के दूसरे वनडे में हार का सामना करना पड़ा। कप्तान हरमनप्रीत ने इस हार के लिए बल्लेबाजों को जिम्मेदार ठहराया। जानिए उन्होंने हार के बाद और क्या कहा?

Image

हरमनप्रीत कौर

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • भारतीय महिला टीम को दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार
  • 260 रन के जवाब में 183 रन पर ढेर हुई टीम इंडिया
  • तीन मैच की सीरीज हुई 1-1 से बराबर

अहमदाबाद: भारतीय महिला क्रिकेट टीम कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रविवार को दूसरे महिला वनडे में न्यूजीलैंड से 76 रन की हार के बाद स्वीकार किया कि उनकी टीम को बल्लेबाजी की समस्याओं से तुरंत निजात पाना होगा। भारतीय टीम जीत के लिए 260 रन के लक्ष्य का पीछा करते 47.1 ओवर में 183 रन पर आउट हो गयी। टीम ने 108 रन पर आठ विकेट गंवा दिये थे। राधा यादव (48) और साइमा ठाकोर (29) ने नौवें विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी कर भारत को शर्मनाक हार से बचाया। हरमनप्रीत ने 24 रन बनाए।

बल्लेबाजी पर काम करने की है जरूरत

हरमनप्रीत ने मैच के बाद कहा,'हम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकें। ये खिलाड़ी देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तैयार और उत्सुक हैं। बल्लेबाजी एक ऐसी चीज है जिस पर हमें वास्तव में काम करने की जरूरत है और अगर हम ऐसा करते हैं तो हम श्रृंखला जीत सकते हैं। उन्होंने कहा,'मुझे लगता है हमारा क्षेत्ररक्षण भी खराब रहा। हमने बहुत सारे रन दिए और बहुत सारे कैच टपकाये। इस लक्ष्य को हासिल किया जा सकता था लेकिन हमने अच्छी बल्लेबाजी नहीं की। यह देखकर अच्छा लगा कि राधा और साइमा ने बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया। हम लक्ष्य का पीछा करते हुए लगातार विकेट गंवाते रहे। हम अगले मैच में साझेदारी बनाने पर ध्यान देंगे।'

टीम इंडिया को मिला था 260 रन का लक्ष्य

श्रंखला का तीसरा और निर्णायक मैच मंगलवार को इसी स्थल पर खेला जाएगा। भारत ने पहला मैच 59 रनों से जीता था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड के लिए कप्तान सोफी डिवाइन ने 86 गेंदों में सात चौकों और एक छक्के की मदद से 79 रन का योगदान दिया। उन्होंने मैडी ग्रीन (41 गेंदों पर 42 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 82 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी करके न्यूजीलैंड को नौ विकेट पर 259 रनों के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

डिवाइन ने कहा हमने खेली अच्छी क्रिकेट

डिवाइन ने बल्लेबाजी के बाद गेंद के साथ भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने 27 रन पर तीन विकेट चटकाये और प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं। उन्होंने कहा, 'जिस तरह से मैच आगे बढ़ा उससे काफी खुश हूं। हमने लंबे समय तक अच्छी क्रिकेट खेलने की बात की थी और ऐसा करने में सफल रहे। हमने साझेदारियां सुनिश्चित करने के बारे में बात की। जिस तरह से ग्रीन और गेज ने बल्लेबाजी की उससे हम प्रतिस्पर्धी स्कोर पर पहुंच गए।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article