क्रिकेट

ICC ने की हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, भारत के खिलाफ मैच में किए थे अभद्र इशारे

आईसीसी ने हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान के खिलाफ भारत-पाकिस्तान सुपर फोर राउंड के मुकाबले में मैदान पर किए व्यवहार के लिए कड़ी कार्रवाई की है। हारिस रऊफ पर मोटा जुर्माना भी लगाया गया है।

Image

अभिषेक शर्मा और हारिस रऊफ (फोटो क्रेडिट AP)

दुबई: आईसीसी ने भारत पाकिस्तान के बीच एशिया के सुपर फोर राउंड के 21 सितंबर, 2025 को खेले गए मुकाबले में बीच मैदान में किए असभ्य व्यवहार और आक्रामक भाव भंगिमा के लिए के लिए कड़ी कार्रवाई की है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक हारिस रऊफ पर मैच फीस का 30 प्रतिशत का जुर्माना भी लगाया है। वहीं साहिबजादा फरहान को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को एक आधिकारिक शिकायत में दोनों खिलाड़ियों पर भड़काऊ इशारे करने का आरोप लगाया था। टीम होटल में मामले की हुई सुनवाई के दौरान हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान ने खुद को निर्दोष बताया है। साहिबजादा फरहान ने अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद बल्ले को बंदूक की तरह पकड़ा और गोली चलाने का इशारा किया। ऐसे में फरहान ने खुद को निर्दोष बताते हुए दावा किया कि पाकिस्तान में उनकी पख्तून जनजाति में गोलीबारी का जश्न मनाना पारंपरिक तरीका है इसलिए उन्होंने किसी भी आचार संहिता का उल्लंघन नहीं किया है। रऊफ ने गिरते हुए विमानों का इशारा करके स्टैंड में बैठे भारतीय प्रशंसकों का मजाक उड़ाया था, वहीं फरहान के मैच में अर्धशतक लगाने के बाद मनाए गए जश्न को भी भारतीय टीम ने आपत्तिजनक माना था।

टूर्नामेंट के सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, 'मैच रैफरी रिची रिचर्डसन ने शुक्रवार दोपहर टीम होटल में अपनी सुनवाई पूरी की। हारिस रऊफ पर आक्रामक व्यवहार के लिए उनकी मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और फरहान को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।'

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article