क्रिकेट

IND vs ENG Women Test: आज 142 सालों में पहली बार लॉर्ड्स में सफेद जर्सी पहनकर उतरेंगी महिलाएं, भारतीय टीम देगी इंग्लैंड को चुनौती

IND-W vs ENG-W Lord's Test Match: भारतीय महिला क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप में असफल अभियान के बाद अब टेस्ट क्रिकेट के लिए तैयार है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम तब इतिहास रचेगी जब वो आज इंग्लैंड महिला टीम के साथ लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर उतरेंगी। 142 सालों में पहली बार इस मैदान पर महिला टेस्ट मैच होने जा रहा है।

Image

आज से भारत-इंग्लैंड ऐतिहासिक लॉर्ड्स टेस्ट मैच शुरू होगा (Instagram)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-इंग्लैंड महिला टेस्ट मैच
  • लॉर्ड्स के मैदान पर पहली बार महिला टेस्ट मैच
  • ऐतिहासिक टेस्ट मैच पर दुनिया की नजरें

IND vs ENG Women Test At Lord's: टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारतीय महिला टीम आज (10 जुलाई 2026) से यहां पहले महिला टेस्ट में लाडर्स पर इंग्लैंड का सामना करेगी तो उसका इरादा इस नाकामी से उबरने का होगा। टी20 विश्व कप से जल्दी बाहर होने के बाद भारत को टेस्ट मैच के लिये तैयारी का अधिक समय मिल गया । यह मैच ’क्रिकेट का घर’ कहे जाने वाले लाडर्स पर पहले पुरूष टेस्ट के 142 साल बाद होगा। मैच भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा।

भारतीय टीम ने इससे पहले मार्च में आस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट खेला था । भारतीय टीम वोर्मस्ले क्रिकेट ग्राउंड पर अभ्यास कर रही है। मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि लॉडर्स पर पहली बार खेलने को लेकर टीम काफी उत्साहित है। उन्होंने कहा, "यह लॉडर्स पर हमारा पहला टेस्ट है और मैं खुशकिस्मत हूं कि यह मौका मिला । मैं इस टेस्ट से जुड़े सभी लोगों को शुभकामना देता हूं । यह बड़ा मौका है और हम इसे लेकर उत्सुक हैं।"

उन्होंने कहा, किसी भी भारतीय क्रिकेटर के लिये टेस्ट मैच खेलना सपने जैसा है। मुझे यकीन है कि कल सफेद जर्सी पहनने वाली हर खिलाड़ी को गर्व होगा कि उन्हें लॉडर्स पर टेस्ट खेलने का मौका मिला।" स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने आस्ट्रेलिया में हुए टेस्ट में पारी की शुरूआत की थी और उन्हें ही यहां मौका मिलेगा। प्रिया पूनिया को चोटिल प्रतिका रावल की जगह दी गई है जिन्होंने आस्ट्रेलिया से दस विकेट से मिली हार में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की थी।

भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले चार मैचों में से तीन जीते हैं और इंग्लैंड में अभी तक एक भी टेस्ट नहीं गंवाया है। भारत के लिये हरलीन देयोल, स्पिनर श्री चरणी और तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा को पदार्पण का मौका मिल सकता है। दूसरी ओर महिला टी20 विश्व कप उपविजेता इंग्लैंड टीम में पांच नये खिलाड़ी हैं जिनमें एलिस कैप्सी, टिली कोर्टीन कोलमैन, मैडी विलियर्स, ग्रेस पोट्स और एली टी शामिल हैं। सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने इस टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा लेने का फैसला किया है। खेल के तीनों प्रारूपों में शतक जमाने वाली इंग्लैंड की दूसरी महिला क्रिकेटर ब्यूमोंट ने 2023 महिला एशेज में ट्रेंट ब्रिज में दोहरा शतक जड़ा था।

भारत और इंग्लैंड की महिला टेस्ट टीमें

भारतीय महिला टेस्ट टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रौड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, रिचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, हरलीन देयोल, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, सयाली सतघारे, स्नेह राणा, प्रिया पूनिया ।

इंग्लैंड महिला टेस्ट टीम: नेट सिवेर ब्रंट (कप्तान) , टैमी ब्यूमोंट, लौरेन बेल, मेइया बूचियेर, एलिस कैप्सी, टिली कोर्टीन कोलमैन, सोफी एस्सेलेस्टोन, लौरेन फिलेर, एमी जोंस, हीथर नाइट, एम्मा लैंब, ग्रेस पॉट्स, एली टी, मैडी विलियेर्स, इसी वोंग।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article