शहर

Mumbai Weather Update: क्या आज मुंबई में बारिश होगी? जानें IMD का क्या कहना है

मुंबई, ठाणे और पालघर में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। IMD ने ग्रीन अलर्ट जारी रखा है। जानिए वीकेंड तक कैसा रहेगा मौसम और क्या है पूर्वानुमान।

Image

क्या आज मुंबई में बारिश होगी?

Mumbai Weather Update: देश के कई राज्यों में मानसूनी गतिविधियां चरम पर हैं। आमची मुंबई में पिछले कुछ दिनों में बादल जमकर बरसे हैं। मानसूनी बारिश के चलते मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी नुकसान भी पहुंचा है। ऐसे में मुबईवासी बारिश के नाम से ही डर रहे हैं। आज हर किसी की जुबान पर एक ही प्रश्न है कि क्या आज भी मुंबई में बारिश होगी? भारतीय मौसम विभाग (IMD) का इस बारे में क्या कहना है, चलिए जानते हैं -

IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आज यानी शुक्रवार 10 जुलाई को मुंबई, ठाणे और पालघर में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, फिलहाल किसी भी तरह की भारी बारिश या गंभीर मौसम की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

आज और पूरे वीकेंड नहीं होगी भारी बारिश

IMD ने मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए ग्रीन अलर्ट जारी रखा है। इसका मतलब है कि मौसम सामान्य बना रहेगा और फिलहाल किसी बड़े खतरे या व्यापक जलभराव जैसी स्थिति की आशंका नहीं है। विभाग ने शनिवार, रविवार और सोमवार (13 जुलाई) तक भी ग्रीन अलर्ट को बरकरार रखा है। ऐसे में वीकेंड के दौरान रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना तो रहेगी, लेकिन मूसलाधार बारिश के संकेत फिलहाल नहीं हैं।

उमस कर सकती है परेशान

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, मुंबई के अनुसार शुक्रवार सुबह 5:30 बजे शहर का तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान हवा में 88 प्रतिशत नमी रही और हवाएं लगभग शांत भी बनी रहीं। हालांकि, ज्यादा नमी के कारण मुंबई और आसपास के इलाको में दिनभर उमस महसूस हो सकती है, जबकि बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

32 डिग्री सेल्सियस रह सकता है अधिकतम तापमान

निजी मौसम एजेंसी AccuWeather के अनुसार आज मुंबई में दिनभर बादल छाए रहने, हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि रात में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, रात के समय भी मौसम गर्म और उमस भरा बना रह सकता है।

Skymet के अनुसार कैसा रहेगा मौसम?

Skymet Weather का अनुमान है कि सुबह, शाम और रात के समय कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। दिन में मुंबई का तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हवा की रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जबकि बारिश की मात्रा हल्की रहने की संभावना है।

बाहर निकलें तो छाता लेकर जाएं

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल मुंबई में मानसून सामान्य गति से आगे बढ़ रहा है। अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे, बीच-बीच में हल्की बारिश होगी और नमी का स्तर लगातार ऊंचा बना रहेगा। ऐसे में बाहर निकलने वाले लोगों को छाता या रेनकोट साथ रखने की सलाह दी गई है। फिलहाल शहर में अत्यधिक बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article