ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लंदन ओवल में एक बार फिर टीम इंडिया आईसीसी के फाइनल में चोक कर गई। टीम इंडिया के सामने चौथी पारी में 444 रन का लक्ष्य था, लेकिन पूरी टीन केवल 234 रन ही बना पाई। 2013 के बाद आईसीसी ट्रॉफी जीतने के टीम इंतजार और भी लंबा हो गया है। हार के बाद फैंस ने एमएस धोनी को खूब मिस किया। सोशल मीडिया पर फैंस धोनी की तारीफ में लिख रहे थे कि जब से वो गए हैं टीम इंडिया ने एक भी आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीती है। टीम इंडिया ने आखिरी बार 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था। एक ऐसे ही फैन तारीफ पर पूर्व भारतीय गेंदबाज हरभजन सिंह भड़क गए।
फैन ने ट्वीट में क्या लिखा?
फैन ने एमएस धोनी की तारीफ करते हुए लिखा कि उस वक्त न कोच था, न मेंटॉर था फिर भी एक युवा टीम ने वर्ल्ड कप जीत लिया लिया। इससे पहले एमएस धोनी ने कभी भी कप्तानी नहीं की थी। टी20 वर्ल्ड कप से केवल 48 दिन पहले धोनी को कप्तान बनाया गया और उसने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को और फिर टी20 वर्ल्ड कप जीता।
फैन की इस ट्वीट को शेयर करते हुए हरभजन ने लिखा ' सही कहा जब ये मैच हो रहे थे तो यह युवा लड़का अकेले भारत से खेल रहा था बाकी 10 नहीं खेल रहे थे। अकेले ही उन्होंने वर्ल्ड कप जीता। ये कमाल है जब ऑस्ट्रेलिया और बाकी टीम जीतती है तो हेडलाइन बनती है पूरा देश जीता। लेकिन जब भारत जीतता है तो कहा जाता कि कप्तान जीता। यह एक टीम स्पोर्ट्स है, हम साथ जीतते और हारते हैं।
हालांकि, हरभजन अकेल नहीं हैं जो इस बात से नाराज हैं। टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज गौतम गंभीर को भी लगता है कि भारत में टीम को तरजीह न देकर किसी खिलाड़ी विशेष को स्टार बना दिया जाता है।
