क्रिकेट

GT vs SRH: विशाल जीत के साथ गुजरात ने प्लेऑफ का ठोका दावा, हैदराबाद की बढ़ी मुश्किलें

आईपीएल 2026 के 56वें मैच में गुजरात टाइटन्स (GT) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से हुआ। अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने जीत दर्ज कर प्लेऑफ के लिए अपनी दावेदारी मजूबत कर ली है। गुजरात ने 12 मैच में 8 मैच जीतकर 16 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान हासिल कर लिया है। वहीं, हैदराबाद तीसरे स्थान पर खिसक गई है।

Image

गुजरात टाइटन्स ने हैदराबाद को हराया।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 56वें मैच में गुजरात टाइटन्स ने जीत दर्ज कर प्लेऑफ के लिए लगभग क्वालीफाई कर लिया है। वह 12 मैच में 8 जीत और 16 अंक के साथ प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर काबिज हो गई है। गुजरात ने हैदराबाद को 82 रन से मात दी। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर के अर्धशतकों की मदद से 5 विकेट पर 168 रन बनाए। इसके जवाब में हैदराबाद की पूरी टीम 14.5 ओवर में 86 रन बनाकर सिमट गई। इस हार के चलते हैदराबाद की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में मोहम्मद सिराज ने ट्रैविस हेड को शून्य के स्कोर पर पवेलियन भेजा। यह विकेट मेडन ओवर रहा। इसके बाद दूसरे ओवर में कगिसो रबाडा ने अभिषेक शर्मा को आउट कर जीटी को दूसरी बड़ी सफलता दिलाई। 23 के स्कोर पर ईशान किशन भी रबाडा का शिकार बने। पावरप्ले में हैदराबाद ने 34 रन बनाए और चार विकेट गंवाए। रबाडा ने 3 ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

रबाडा और होल्डर का कहर

लगातार विकेटों के गिरने के सिलसिले से हैदराबाद दवाब में आ गई। गिल ने रबाडा से चार ओवर का स्पेल पहले ही समाप्त करवा दिया। वह 4 ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट चटकाए। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा और जेसन होल्डर ने सलिल अरोड़ा और हेनरिक क्लासेन का विकेट लेकर टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। 72 के स्कोर तक पहुंचते-पहुंचते 8 विकेट गंवा दिए। पैट कमिंस ने टीम के लिए सर्वाधिक 19 रन बनाए। गुजरात की तरफ से रबाडा और होल्डर ने तीन-तीन विकेट चटकाए। प्रसिद्ध कृष्णा को 2 विकेट मिला। राशिद और सिराज के खाते में एक-एक विकेट रही।

साई और सुंदर की उम्दा पारी

इससे पहले हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गुजरात टाइटन्स ने साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर के अर्धशतकों की मदद से 5 विकेट पर 168 रन बनाए। सुदर्शन ने 44 गेंद में 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। वहीं, सुंदर ने 33 गेंद में सात चौकों और एक छक्के के साथ 50 रन की पारी खेली। सनराइजर्स के लिये प्रफुल्ल हिंगे ने तीन ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिये, जबकि कप्तान पैट कमिंस ने चार ओवर में 20 रन देकर एक विकेट चटकाया।

सनराइजर्स के तेज गेंदबाजों ने गुजरात के बल्लेबाजों को दबाव में रखा। साई सुदर्शन को अपने संयम का फायदा मिला और उन्होंने चौथे विकेट के लिये सुंदर के साथ 60 रन की साझेदारी की। हिंगे ने पावरप्ले में दो विकेट चटकाये और छह ओवर के बाद गुजरात टीम दो विकेट पर 34 रन ही बना सकी थी जो इस सत्र में उसका सबसे कम स्कोर है।

नहीं चला गिल का बल्ला

गुजरात के कप्तान शुभमन गिल (5) खुशकिस्मत थे जब नीतिश कुमार रेड्डी दूसरे ओवर में उनका रिटर्न कैच नहीं लपक सके। हालांकि, अगले ओवर में वह हिंगे की गेंद पर मिड आन पर हेनरिक क्लासेन को कैच थमा बैठे। हिंगे ने खतरनाक जोस बटलर (7) को भी सस्ते में आउट किया, जिनका कैच विकेट के पीछे ईशान किशन ने लपका।

निशांत सिंधू अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। उन्होंने रेड्डी को छक्का लगाया और हिंगे को दो चौके जड़े। वह 14 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए। गुजरात की पारी का पहला छक्का पावरप्ले के बाद लगा। दबाव के बीच सुदर्शन और सुंदर ने काबिले तारीफ प्रदर्शन किया। साकिब हुसैन ने दोनों बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Umesh Kumar
उमेश कुमार author

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से... और देखें

End of Article