क्रिकेट

IPL Impact Player Rule: ग्लेन फिलिप्स ने इम्पैक्ट प्लेयर को लेकर बड़ा बयान, कहा-इन्हें हो सकता है नुकसान

आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटन्स की ओर से खेल रहे कीवी ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने इम्पैक्ट प्लेयर रूल के भविष्य में पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में चर्चा करते हुए कहा है इस नियम की वजह से ऑलराउंडर आने वाले समय में खेल से बाहर हो सकते हैं।

Image

ग्लेन फिलिप्स (साभार IPL/BCCI)

नई दिल्ली: न्यूजीलैंड और गुजरात टाइटंस के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स का मानना है कि आईपीएल में इंपैक्ट प्लेयर नियम फिलहाल काम कर रहा है लेकिन यह कभी ना कभी ऑलराउंडर के विकास में समस्याएं खड़ी कर सकता है। इस नियम पर लोगों की राय अलग-अलग है लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने इसे कम से कम 2027 के सत्र तक लागू किया है। इंपैक्ट प्लेयर के रूप में अतिरिक्त बल्लेबाज मिलने से लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को पहली ही गेंद से आक्रामक रुख अपनाने का मौका मिलता है। इसी तरह बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम ऑलराउंडर की जगह अतिरिक्त विशेषज्ञ गेंदबाज को खिला सकती है।

इम्पैक्ट प्लेयर रूल बन सकता है ऑलराउंडर्स के लिए काल

फिलिप्स ने पीटीआई से कहा,'मैं ना तो इसके पक्ष में हूं और ना खिलाफ। यह निश्चित रूप से टीम को अलग-अलग चीजें करने की अनुमति देता है। लेकिन मुझे लगता है कि किसी स्तर पर ऑलराउंडर बाहर हो सकते हैं और इसका स्पष्ट रूप से अंतरराष्ट्रीय मैच, अंतरराष्ट्रीय टी20, अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय मुकाबले पर असर पड़ सकता है। तो अभी के लिए, यह क्रिकेट का एक बेहतरीन मनोरंजक ब्रांड है। लेकिन मुझे लगता है कि आईपीएल ने जो अच्छा काम किया है, वह है कि नियमों को माहौल के अनुसार बदलना। बेशक इंपेक्ट प्लेयर नियम इस समय काम कर रहा है लेकिन फिर वे एक और नियम ला सकते हैं और खेल को और मनोरंजक बना सकते हैं।'

रोहित ने नहीं किया था इम्पैक्ट प्लेयर रूल का समर्थन

पिछले सत्र में रोहित शर्मा ने कहा था कि वह इंपैक्ट प्लेयर नियम के प्रशंसक नहीं हैं क्योंकि इससे भारतीय ऑलराउंडर के विकास में बाधा आती है। मौजूदा सत्र से पहले हार्दिक पांड्या ने कहा कि शुरुआती एकादश में उभरते हुए ऑलराउंडर को शामिल करना मुश्किल है जब तक कि कोई उनके जैसा विशुद्ध ऑलराउंडर नहीं हो।

लार के इस्तेमाल की अनुमति देना सही

फिलिप्स ने आईपीएल 2025 से पहले गेंद पर लार लगाने से जुड़े प्रतिबंध को हटाने का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा,'इस साल लार का इस्तेमाल किया जा सकता है जिससे जाहिर तौर पर रिवर्स स्विंग को भी मदद मिलेगी। अगर कोई अतिरिक्त बल्लेबाज खेल रहा है तो गेंदबाजों की मदद के लिए भी कुछ होना चाहिए। तो मुझे लगता है कि आईपीएल ने यह काफी अच्छा किया है। इसलिए जरूरी नहीं कि खिलाड़ी को प्रभावित किया जाए, बल्कि नियमों को बदला जाए ताकि इसे नया और तरोताजा रखा जा सके।' अब गेंदबाज आईपीएल में गेंद को चमकाने के लिए लार का उपयोग कर सकते हैं जिससे कि कम से कम पारी के अंत में रिवर्स स्विंग हासिल करने की कोशिश की जा सके।

सही है विदेशी खिलाड़ियों के लिए प्रतिबंध का नियम

आईपीएल से विदेशी खिलाड़ियों के आखिरी समय में हटने के लिए बीसीसीआई द्वारा लगाए गए दो साल के प्रतिबंध को फिलिप्स ने उचित ठहराया। उन्होंने कहा,'उन्होंने लोगों को चेतावनी दी, अगर आप खेलने का फैसला करते हैं और फिर हट जाते हैं तो उन्हें शुरू से नियमों के बारे में पता है। अगर नियम नहीं होते तो मुझे लगता है कि यह थोड़ा कठोर होता लेकिन नियम मौजूद हैं।' हैरी ब्रूक को आईपीएल से देर से हटने के कारण मौजूदा और अगले सत्र के लिए आईपीएल से प्रतिबंधित कर दिया गया है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article