Glenn Maxwell T20 World Cup plan: विश्व कप 2026 को ध्यान में रखते हुए अपनी स्पिन गेंदबाजी पर खास ध्यान दे रहे हैं। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा, जहां की पिचें स्पिनरों के लिए मददगार मानी जाती हैं।मैक्सवेल लंबे समय से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलते आ रहे हैं और उपमहाद्वीप की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं।
पावरप्ले में गेंदबाजी का सीमित अनुभव
हालांकि मैक्सवेल गेंदबाजी में माहिर हैं, लेकिन 2022 टी20 विश्व कप और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा घरेलू श्रृंखला के बीच उन्होंने पावरप्ले में सिर्फ पांच ओवर ही फेंके हैं।इसके बावजूद, उनका मानना है कि उपमहाद्वीप की नई गेंद पावरप्ले में स्पिनरों को ज्यादा मदद देती है और वह इस भूमिका में उपयोगी साबित हो सकते हैं।
मैक्सवेल का बयान
मैक्सवेल ने क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू से बातचीत में कहा कि "मुझे लगता है कि उपमहाद्वीप में शुरुआत में स्पिनर के तौर पर विकेट से थोड़ा अधिक लाभ उठाया जा सकता है।"उन्होंने आगे कहा कि "मुझे विकेट लेना बहुत पसंद है। जब भी मैं किसी को आउट करता हूं, तो मुझे थोड़ी हैरानी होती है। मैं पावरप्ले में अपनी भूमिका निभाना चाहता हूं और इस समय बेहतर तरीके से गेंदबाजी करने की कोशिश कर रहा हूं।"
फिटनेस और चयन की उम्मीद
36 वर्षीय मैक्सवेल ने यह भी साफ किया कि अगर वह पूरी तरह फिट रहते हैं, तो उनका ऑस्ट्रेलिया की टी20 विश्व कप टीम में खेलना लगभग तय है। उनकी बल्लेबाजी और फील्डिंग के साथ-साथ पावरप्ले में स्पिन गेंदबाजी टीम के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकती है।
(भाषा)
