IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच कोलकाता टेस्ट 3 दिन भी नहीं चला। तीसरे दिन के दूसरे सेशन में ही टीम इंडिया को 30 रन से हार का सामना करना पड़ा। 124 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया 9 विकेट के नुकसान पर 93 रन ही बना पाई। लेकिन टीम इंडिया के हेड कोच को पिच में कोई भी गलती नजर नहीं आई। इससे पहले कई पूर्व खिलाड़ियों ने ईडेन गार्डन्स की टर्निंग पिच पर सवाल खड़े किए थे। लेकिन जैसा की सब जानते हैं कि दुनिया से अलग राय रखने वाले गंभीर ने एक बार फिर इस पिच को अनप्लेयबल मानने से इनकार कर दिया।
जैसी मांगी थी वैसी ही पिच थी
गौतम गंभीर ने बल्लेबाजों का दोष देते हुए कहा कि पिच में कोई खराबी नहीं थी। जिन बल्लेबाजों ने डिफेंसिव क्रिकेट खेली उसने रन बनाया। इसके लिए उन्होंने तेंबा बावुमा, वाशिंगटन सुंदर और केएल राहुल का नाम लिया। उन्होंने साफ किया कि टीम मैनेजमेंट ने जैसी पिच क्यूरेटर से मांगी थी वैसी ही मुझे मिली। जब आप अच्छा नहीं खेलते हैं तो इसी तरह के परिणाम सामने आते हैं।
चेतेश्वर पुजारा की अलग राय
जब इस पिच को लेकर पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा से सवाल किया गया तो वह पूरी तरह से गंभीर की राय से अलग राय रखते नजर आए। उन्होंने कहा कि यह किसी भी लिहाज से अच्छी पिच नहीं है और आप इस तरह की पिच बिल्कुल नहीं चाहते हैं। उन्होंने 10 में से इस पिच को केवल 4 नंबर दिए। पुजारा की इस बात से आकाश चोपड़ा भी सहमत दिखे।
प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान गंभीर ने कुछ बातें ऐसी कही जो सच नहीं थी। उन्होंने कहा कि ज्यादातर विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए जबकि सच्चाई यह है कि इस मुकाबले में कुल 38 विकेट गिरे जिसमें से 22 विकेट स्पिन गेंदबाजों ने और केवल 16 विकेट पेसर के नाम रहे।
