क्रिकेट

ऑस्ट्रेलिया दौरे की बीसीसीआई अधिकारियों के साथ समीक्षा करेंगे टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर

चैंपियंस ट्ऱॉफी 2025 के लिए भारतीय टीम के चयन से पहले बीसीसीआई के अधिकारी कोच गौतम गंभीर के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया को मिली करारी हार की समीक्षा करेंगी।

Image

गौतम गंभीर

Photo : AP

मुंबई: मुख्य कोच गौतम गंभीर और चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर हाल के ऑस्ट्रेलिया दौरे की समीक्षा के लिए शनिवार को यहां भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे जिसमें प्रमुख बल्लेबाजों विराट कोहली और रोहित शर्मा के भविष्य पर गहन चर्चा की जाएगी। न्यूजीलैंड (घरेलू) और ऑस्ट्रेलिया (विदेश) के खिलाफ लगातार श्रृंखलाओं में हार तथा लचर बल्लेबाजी के कारण कोहली और रोहित पर सवाल उठने लग गए हैं।

टीम के भविष्य को लेकर होगी चर्चा

पीटीआई को पता चला है कि बीसीसीआई की बैठक में भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। इसमें मुख्य रूप से बदलाव का दौर चैंपियंस ट्रॉफी से पहले या उसके बाद शुरू करने पर चर्चा होगी। हालांकि पूरी संभावना है कि इन दोनों सीनियर बल्लेबाजों को वनडे चैंपियंस ट्रॉफी में खुद को साबित करने का एक और मौका मिलेगा। यह एक ऐसा प्रारूप जिसमें उन्होंने हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वे इस तथ्य पर भी गौर कर सकते हैं कि कोहली और रोहित दोनों ने 2023 में भारत में खेले गए विश्व कप के बाद 2024 में सिर्फ तीन एकदिवसीय मैच खेले हैं। इन दोनों ने यह तीनों मैच श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेले थे। कोहली ने इन मैच में 24, 14 और 20 रन जबकि रोहित ने 58, 64 और 35 रन बनाए थे।

वनडे के स्टार खिलाड़ी रहे हैं विराट कोहली

लेकिन कुल मिलाकर, कोहली 50 ओवरों में चैंपियन खिलाड़ी रहे हैं। चैंपियंस ट्रॉफी में अच्छे प्रदर्शन से यह दोनों खिलाड़ी अच्छी मानसिक स्थिति में लौट सकते हैं। जहां तक टेस्ट क्रिकेट की बात है तो स्थिति पूरी तरह से भिन्न है। भारत को अपनी अगली टेस्ट श्रृंखला इंग्लैंड के खिलाफ खेलनी है और इससे पहले कोहली और रोहित के खराब प्रदर्शन की समीक्षा जरूर की जाएगी। ऑस्ट्रेलिया के दौरे में पर्थ में शतक लगाने के बावजूद कोहली 23.75 की औसत से केवल 190 रन ही बना सके। दूसरी तरफ पहले और पांचवें टेस्ट में नहीं खेलने वाले रोहित ने पांच पारियों में 6.2 की औसत से 31 रन बनाए।

कोचिंग स्टाफ के प्रदर्शन की भी होगी समीक्षा

इसी तरह संभव है कि गंभीर के नेतृत्व वाले कोचिंग स्टाफ के प्रदर्शन की भी समीक्षा की जाए। उनसे बदलाव के इस दौर में उनकी योजनाओं के बारे में पूछा जा सकता है। समीक्षा बैठक के अलावा अगरकर के नेतृत्व में चयनकर्ता शनिवार शाम को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम चुनने के लिए भी बैठक करेंगे। भारत अपने सभी मैच संयुक्त अरब अमीरात में खेलेगा और 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ मैच के साथ अभियान की शुरुआत करेगा। टीम की घोषणा 12 जनवरी तक करनी है।

शमी और बुमराह की चोट पर होगी चर्चा

चयनकर्ता बैठक के दौरान पीठ की ऐंठन से उबर रहे स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के फिटनेस स्तर का आकलन करेंगे। टखने की सर्जरी के कारण वनडे विश्व कप 2023 के बाद से नहीं खेलने वाले शमी को बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से हरी झंडी मिलने की संभावना है। शमी ने हाल ही में बंगाल के लिए रणजी ट्रॉफी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में खेले हैं। चयनकर्ता इंग्लैंड के खिलाफ 22 जनवरी से शुरू होने वाली घरेलू श्रृंखला के लिए पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय और तीन एकदिवसीय मैचों के लिए भी टीम का चयन कर सकते हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article